Meta Pixel

पत्नी को बेड पर लिटाकर हाथ-पैर बांधा और घोंटा गला : बालोद में जिस दिन ससुराल आई, उसी दिन मारा; अफेयर का था शक…!!

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अफेयर के शक में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले पत्नी को बेड पर लिटाकर हाथ पैर को साड़ी से बांधा, फिर गमछे से गला घोंट दिया। मामला पुरूर थाना क्षेत्र के चिटौव गांव का है। मिली जानकारी के मुताबिक मृत महिला का नाम अंजलि मंडावी (28) है। पति अर्जुन राम मंडावी (33) है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत हालत में पड़ी थी महिला

बताया जा रहा है कि पत्नी की हत्या के बाद आरोपी घर से भाग गया था। गांव वालों को हत्या की जानकारी मिली, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर जाकर देखा तो महिला मृत हालत में पड़ी थी।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं पत्नी की हत्या के शक में पति को पकड़ा गया। पत्नी की मौत के बारे में पूछताछ की गई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया।

गमछा से गला घोंटकर की हत्या

आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी का किसी और से अफेयर था। इसे लेकर अक्सर विवाद होता था। वारदात के दिन भी विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पत्नी को पलंग पर बांधकर अपने पास रखे गमछा से गला घोंटकर मार डाला।

कैरेक्टर पर शक में ली जान

ग्रामीण केशव सेवा ने बताया कि पति-पत्नी में लड़ाई-झगड़े होते रहते थे। महिला रोजी-मजदूरी का काम करने जाती थी। इससे पति उसके चरित्र पर शक करता था। पति की हरकतों की वजह से वह अपने मायके में रह रही थी, लेकिन जिस दिन वह पति के घर आई, पति ने उसी दिन उसे मार दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि पति थोड़ा सनकी किस्म का है। पत्नी का किससे अफेयर है पूछा गया तो कोई जवाब नहीं मिला। चरित्र शंका पर मारने की बात कही है। बाकी सब जांच का विषय है। जांच के बाद सारी बातें स्पष्ट हो पाएंगी।

कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेल

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद लाश को परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी पति को जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *