Meta Pixel
Spread the love

बलरामपुर में लगातार बारिश से कच्चे मकान की दीवार गिरने से बच्ची की दबकर मौत हो गई। मलबे में दबे परिवार के 5 लोगों को निकाला गया है। उनका इलाज जारी है। जिले में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर है। कन्हर नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निचले इलाके को लोगों को घर खाली करने कहा गया है। ब्लॉक के सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।

वहीं रायपुर में भी रातभर पानी बरसा है। जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया। प्रोफेसर कॉलोनी की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने कुशालपुर-भाठागांव के बीच नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया।

पेंड्रा के धनौली गांव में नदी के बाढ़ का पानी घरों-दुकानों में घुस गया है। सड़क पर घुटने तक पानी बह रहा है। वहीं कोरबा के सोन नदी में बहे युवक का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। दोस्तों संग घूमने गया राजेश एनीकट में बह गया था।

वहीं बिलासपुर में हरेली के दिन शिव मंदिर से लौटते वक्त कार नाले के बाढ़ में बह गई। कार में 9 लोग सवार थे। 8 लोग किसी तरह तैर कर बाहर निकले, लेकिन 3 साल का बच्चा तेज बहाव में कार के साथ बह गया।

इस बीच मौसम विभाग ने आज राजनांदगांव, मुंगेली और कबीरधाम जिले में रेड अलर्ट जारी किया है। कोरिया, बेमेतरा, दुर्ग सहित 8 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में यलो अलर्ट है। कल यानी 27 जुलाई के बाद बारिश की रफ्तार में कमी आएगी। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 38.7 MM औसत पानी बरस चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि तटीय पश्चिम बंगाल पर लो प्रेशर बना हुआ है, जिसके असर से आज (शनिवार) को भी भारी बारिश हो सकती है।

अब ये तस्वीरें देखिए…

रायपुर में कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने कुशालपुर-भाठागांव के बीच नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया है
रायपुर में कॉलोनियों में जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने कुशालपुर-भाठागांव के बीच नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया है

स्टाप डैम का रिटर्निंग वॉल बहा

रायगढ़ में भारी बारिश से कुरकुट नदी पर बने स्टाप डैम का रिटर्निंग वॉल बह गया। रिटर्निंग वॉल टूटने से घरघोड़ा के कारीछापर से घरघोड़ी सहेत 4 गांव का संपर्क टूटा। अब कारीछापर आने 5 किलोमीटर के सफर के लिए लोगों को 30 किमी घूम कर आना पड़ेगा।

इसके अलावा लैलूंगा ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिराईखार में पुलिया बह गई। जिससे चिराईखार से कोल्हियापारा, मनिहार पारा, भदरापारा का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों के आने जाने का यह एक मात्र रास्ता था।

25 दिनों में 373 मिलीमीटर पानी बरसा

छत्तीसगढ़ में 1 जून से अब तक 543.4 मि.मी. औसत वर्षा हो चुकी है। पिछले 25 दिनों में की बात करें तो 373.7 मिमी पानी गिरा है। अब तक बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा 837.4 मिमी वर्षा हुई है। बेमेतरा जिले में सबसे कम 277.4 मिमी पानी गिरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *