आशीष कुमार गुप्ता, बतौली (सरगुजा)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने एक सराहनीय और रचनात्मक कदम उठाया है। अब सड़क पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं के गले में रेडियम पट्टे बांधे जा रहे हैं, ताकि रात्रि के समय वाहन चालकों को दूर से ही पशु दिखाई दे सकें और हादसे से बचा जा सके।
यह पहल सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा के निर्देशन में की जा रही है। पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर रात्रि में वाहन चालकों को अक्सर पशु नहीं दिखाई देते, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो जाती हैं। कई बार इन हादसों में वाहन सवारों के साथ-साथ पशुओं की भी जान चली जाती है।
आरक्षकों ने निभाई जिम्मेदारी, जनता कर रही प्रशंसा
बतौली थाने के आरक्षक जितेंद्र सिंह और विकास एक्का ने इस अभियान को मैदान पर उतारा है। उन्होंने खुद आवारा पशुओं की पहचान की और उनके गले में प्रकाश परावर्तक रेडियम पट्टियां बांधीं। यह रेडियम दूर से चमकता है, जिससे पशु रात में भी साफ दिखाई देते हैं।
इस पहल को लेकर स्थानीय नागरिकों में प्रसन्नता और सुरक्षा की भावना देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि पुलिस का यह प्रयास जनहित और पशु हित दोनों के लिए प्रशंसनीय है।
पुलिस की सतर्कता से बच रही हैं जानें
बतौली क्षेत्र में हाल के दिनों में सड़क पर बैठे पशुओं की वजह से कई दुर्घटनाएं सामने आई थीं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बतौली पुलिस ने समाधानात्मक और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया है। अब रेडियम पट्टियों की मदद से दुर्घटनाओं की संभावना काफी हद तक कम हो गई है।