Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र के एनओएचएस केन्द्र में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र के संयंत्र भवन स्थित राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केन्द्र (एनओएचएस) में 22 सितम्बर 2025 को भारत सरकार के “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. रविंद्रनाथ एम. मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी, डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर एवं डॉ. उदय कुमार, महाप्रबंधक (मानव संसाधन-आईआर) श्री विकास चंद्रा, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीषा कांगो तथा व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केन्द्र प्रभारी डॉ. एस. के. ठाकुर उपस्थित थे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. रविंद्रनाथ एम. ने अपने संबोधन में महिलाओं को आदिशक्ति का स्वरूप बताते हुए कहा कि महिलाएँ परिवार की सृजनकर्ता हैं। यदि महिलाएं स्वस्थ हैं तो परिवार और समाज भी स्वस्थ होगा, इसलिए महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए इस प्रकार के कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

इस अवसर पर महिलाओं से संबंधित कानून, अधिकार, स्वास्थ्य और मानसिक शांति पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। महाप्रबंधक (मानव संसाधन-आईआर) श्री विकास चंद्रा ने पोश कानून के विषय पर एक प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी साझा की। डॉ. उषा श्रीवास्तव ने महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों और केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. शुभश्री प्रशांत ने महिलाओं को सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी प्रदान की, वहीं डॉ. जोबी पी.ए. ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम के अंत में फीडबैक सत्र आयोजित हुआ जिसमें उपस्थित महिलाओं और वक्ताओं के बीच सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन डॉ. एस. के. ठाकुर ने दिया तथा संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन हेल्थ एजुकेटर श्रीमती इंद्रजीत कौर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *