अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नीतियों के खिलाफ एक बार फिर जनता सड़कों पर उतर आई। शनिवार को देशभर के अलग-अलग शहरों में हजारों लोगों ने ‘नो किंग्स’ आंदोलन के तहत प्रदर्शन किए। आयोजकों के अनुसार, इस बार 2600 से अधिक स्थानों पर रैलियां निकाली गईं। जून में हुए पहले प्रदर्शन की तुलना में यह कहीं ज्यादा बड़ा था, जब लगभग 2100 जगहों पर रैलियां हुई थीं।
टाइम्स स्क्वायर से लेकर कैलिफोर्निया तक भारी भीड़
-
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, बोस्टन, शिकागो, अटलांटा समेत बड़े शहरों में प्रदर्शनकारियों की भीड़ उमड़ी।
-
लॉस एंजिलिस, वॉशिंगटन और रिपब्लिकन शासित राज्यों में भी लोग खुले तौर पर विरोध करने सड़कों पर उतरे।
-
कैलिफोर्निया के सैन फ्रांसिस्को और लॉस एंजिलिस में हजारों लोग बैनर और तख्तियां लेकर इकट्ठा हुए।
-
ओरेगन के पोर्टलैंड में एक प्रदर्शनकारी चमकीले कॉस्ट्यूम पहनकर शामिल हुआ, वहीं ‘चिकन मैन’ के नाम से मशहूर जैक डिकिंसन चिकन ड्रेस में रैली में पहुंचे।
-
लॉस एंजिलिस में ट्रम्प का कार्टूननुमा गुब्बारा भी विरोध का केंद्र बना।
पुलिस और घटनाक्रम
लॉस एंजिलिस में एक मौके पर एक प्रदर्शनकारी पुलिस वाहन की चपेट में आ गया, हालांकि पुलिस ने तुरंत मदद की।
न्यूयॉर्क पुलिस ने जानकारी दी कि टाइम्स स्क्वायर में लगभग 1 लाख लोग जुटे, लेकिन कहीं कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
ट्रम्प प्रशासन पर बढ़ते सवाल
यह प्रदर्शन राष्ट्रपति ट्रम्प के कार्यकाल का तीसरा सबसे बड़ा विरोध माना जा रहा है। फिलहाल अमेरिका में सरकारी शटडाउन लगा हुआ है, जिससे संसद और न्यायपालिका के साथ प्रशासन के टकराव की स्थिति और गहराती दिख रही है।
ट्रम्प इस दौरान अपने फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो घर पर मौजूद थे। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा:
“वे मुझे राजा कह रहे हैं, लेकिन मैं कोई राजा नहीं हूं।”
हालांकि, बाद में उनकी सोशल मीडिया टीम ने एक वीडियो जारी किया जिसमें उन्हें राजा के रूप में दर्शाया गया था।
प्रदर्शनकारियों की नाराज़गी
-
ह्यूस्टन में अमेरिकी मरीन कोर के पूर्व सैनिक डैनियल गेमेज ने कहा—
“मैं समझ नहीं पा रहा कि हमारे देश में अभी क्या हो रहा है।”
-
इंडिविजिबल संगठन की को-फाउंडर लिया ग्रीनबर्ग ने कहा—
“शांति से विरोध जताना और यह कहना कि हमारे पास कोई राजा नहीं है, यही अमेरिकी लोकतंत्र की असली पहचान है।”
पूरे अमेरिका में गूंज
बोस्टन, फिलाडेल्फिया, अटलांटा, डेनवर, शिकागो और सिएटल जैसे शहरों में भी हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
-
सिएटल में लोग स्पेस नीडल के पास एक मील लंबी परेड में शामिल हुए।
-
सैन डिएगो में लगभग 25,000 लोग शांतिपूर्ण रैली में मौजूद रहे।
-
लॉस एंजिलिस और उसके आसपास ही दर्जनों रैलियां हुईं।
यह प्रदर्शन साफ संकेत देता है कि अमेरिकी नागरिक ट्रम्प प्रशासन की कार्यशैली और नीतियों से लगातार असंतुष्ट होते जा रहे हैं।
नो किंग्स प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें






