दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए भीषण धमाके में नौ लोगों की मौत के बाद पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इसके बाद छत्तीसगढ़ में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राज्य भर में पुलिस और खुफिया एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, जबकि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, होटल, पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई और जगदलपुर जैसे प्रमुख शहरों में पुलिस ने देर रात से सघन चेकिंग अभियान चलाया। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं की तलाशी ली जा रही है। रायपुर के एसएसपी लखन पटले ने बताया कि राजधानी समेत पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियां अपने-अपने स्तर पर निगरानी और जांच में जुटी हैं।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है ताकि कोई अफवाह या भ्रामक खबर फैलने न पाए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली ब्लास्ट की घटना पर दुख जताते हुए कहा,
“यह घटना अत्यंत हृदय विदारक है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। केंद्र सरकार और हमारी सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और हर संभव मदद प्रदान की जा रही है।”
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा,
“दिल्ली में हुए बम धमाके की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। इस कठिन समय में सरकार को जवाब देना होगा, क्योंकि ऐसी घटनाओं में जिम्मेदारी तय होनी जरूरी है।”
रायपुर में सख्त चेकिंग और फुट पेट्रोलिंग
राजधानी रायपुर में पुलिस ने सोमवार रात से ही कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोज़ल टीमों की मदद से चेकिंग की गई। संदिग्ध बैग और वाहनों की तलाशी ली गई। इसके अलावा हाईकोर्ट, मंत्रालय और बड़े होटलों के आसपास भी पुलिस ने सघन पेट्रोलिंग की।
बिलासपुर में भी बढ़ी सतर्कता
बिलासपुर में पुलिस अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट, होटल और बस स्टैंड जैसे संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया। अधिकारियों ने बताया कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में फुट पेट्रोलिंग और सीसीटीवी मॉनिटरिंग को और सख्त किया गया है।
दुर्ग और भिलाई में रातभर जांच अभियान जारी
दुर्ग और भिलाई जिलों में पुलिस ने रातभर नाकेबंदी और सर्च ऑपरेशन चलाया। प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में संदिग्धों की जांच की गई। जिले की सीमाओं पर वाहनों की सघन जांच की गई और थाना-चौकी स्तर पर पुलिस टीमों को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।
जगदलपुर में भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई
जगदलपुर में पुलिस जवानों ने बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर गहन जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह सतर्कता आने वाले दिनों तक जारी रहेगी।
कंट्रोल रूम से चौकसी और सोशल मीडिया पर पैनी नजर
राज्य के पुलिस कंट्रोल रूम से सभी जिलों की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। हर डीसीपी और एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे खुद निगरानी रखें और सुनिश्चित करें कि सभी एहतियाती कदम लागू किए जा रहे हैं। सभी कमांड सेंटरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का तुरंत पता लगाया जा सके।
सोशल मीडिया टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या उकसाने वाले पोस्ट्स को तुरंत रोका जा सके।
पहले देखिए ये तस्वीरें-



रायपुर रेलवे स्टेशन में चेकिंग-


