Meta Pixel

श्रेयस अय्यर का ऑक्सीजन लेवल गिरकर 50 तक पहुंचा, ICU में रहना पड़ा; साउथ अफ्रीका सीरीज़ में खेलना अब भी संदिग्ध

Spread the love

भारतीय वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर इन दिनों गंभीर चोट से उबरने की प्रक्रिया में हैं। ऑस्ट्रेलिया में लगी यह चोट शुरू में जितनी मामूली समझी गई थी, असल में उतनी नहीं थी। सूत्रों के मुताबिक, चोट लगने के कुछ ही मिनटों बाद उनका ऑक्सीजन लेवल 50 तक गिर गया था और वे लगभग 10 मिनट तक खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने खुलासा किया, “श्रेयस के सामने सबकुछ काला पड़ गया था, वे खुद को संभाल नहीं पा रहे थे। मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया।”

यह हादसा सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के दौरान हुआ था, जब अय्यर ने विकेटकीपर एलेक्स कैरी का डाइविंग कैच लेने की कोशिश की। उसी दौरान उन्हें स्प्लिन (तिल्ली) में गंभीर चोट लगी, जिससे इंटरनल ब्लीडिंग शुरू हो गई। बाद में उनकी माइनर सर्जरी की गई और उन्हें कुछ दिनों तक आईसीयू में निगरानी में रखा गया।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अब श्रेयस भारत लौट आए हैं और फिलहाल बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में रिकवरी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें पूरी तरह से फिट होकर मैदान पर लौटने में कम से कम एक महीने या उससे अधिक का समय लग सकता है।

साउथ अफ्रीका सीरीज़ से लगभग बाहर
30 नवंबर से शुरू होने वाली साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज़ में उनके खेलने की संभावना बहुत कम है। चयन समिति और मेडिकल टीम दोनों ही उन्हें जल्दबाज़ी में मैदान पर नहीं उतारना चाहतीं। टीम प्रबंधन चाहता है कि वे पूरी तरह फिट होने के बाद ही वापसी करें ताकि किसी तरह का जोखिम न उठाना पड़े।

एक वरिष्ठ बोर्ड अधिकारी ने कहा, “श्रेयस अय्यर जैसे खिलाड़ी को हम अधूरी फिटनेस में नहीं उतार सकते। उनका शरीर फिलहाल रिकवरी के मोड में है, और सर्जरी के बाद उन्हें पर्याप्त आराम की जरूरत है।”

भारत को 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ खेलनी है, जिसके बाद रांची, रायपुर और विशाखापत्तनम में तीन वनडे खेले जाएंगे। ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि श्रेयस इस वनडे सीरीज़ से बाहर रहेंगे।

श्रेयस ने दिया सकारात्मक संकेत
हालांकि अय्यर ने सोशल मीडिया पर अपनी ताजा पोस्ट के ज़रिए फैंस को यह भरोसा दिलाया है कि वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। उन्होंने धूप में बैठी एक तस्वीर शेयर की और लिखा —

“सूरज एक बेहतरीन थेरेपी रही है। घर लौटकर बहुत आभारी महसूस कर रहा हूं। आपके प्यार और दुआओं के लिए शुक्रिया।”

फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट्स में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि उन्हें मैदान पर लौटने से पहले धीरे-धीरे ट्रेनिंग शुरू करनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *