आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में क्रांति लाने वाली कंपनी ओपनएआई (OpenAI) ने अब भारत में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। कंपनी ने दिल्ली में 50-सीटर ऑफिस स्पेस लीज पर लिया है, जो भारत में उसका पहला फिजिकल ऑफिस होगा। यह जानकारी इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट से सामने आई है। ओपनएआई ने यह स्पेस प्रीमियम वर्कस्पेस प्रोवाइडर ‘कॉरपोरेटएज’ के साथ लीज समझौते के तहत हासिल किया है।
कई महीनों से कंपनी भारत में उपयुक्त जगह तलाश रही थी। इस साल अगस्त 2025 में सैम ऑल्टमैन ने खुद भारत में ऑफिस खोलने की घोषणा की थी। अब यह फैसला एआई (AI) के तेजी से बढ़ते भारतीय मार्केट को देखते हुए कंपनी के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
ऑल्टमैन ने कहा था कि भारत न सिर्फ तेजी से डिजिटल हो रहा है, बल्कि यहां एआई अपनाने की गति भी अद्भुत है। उन्होंने कहा था, “भारत में एआई को भारत के साथ और भारत के लिए विकसित करने की हमारी योजना है। हम यहां निवेश को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”
कंपनी भारत में अब अपनी स्थानीय टीम (Local Team) बना रही है, जो सरकार, बिजनेस सेक्टर और डेवलपर्स के साथ मिलकर एआई तकनीक के इस्तेमाल को आगे बढ़ाएगी। इससे न सिर्फ ओपनएआई के प्रोडक्ट्स भारत के लिए और प्रासंगिक बनेंगे, बल्कि भारतीय डेवलपर्स को भी वैश्विक मंच पर काम करने के नए अवसर मिलेंगे।
भारत बना ओपनएआई का दूसरा सबसे बड़ा बाजार
ओपनएआई के अनुसार, यूजर्स के लिहाज से भारत अब अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा मार्केट बन गया है। पिछले एक साल में भारत में चैटजीपीटी के वीकली एक्टिव यूजर्स की संख्या चार गुना से भी अधिक बढ़ी है। दिलचस्प बात यह है कि दुनिया भर में चैटजीपीटी का सबसे ज्यादा इस्तेमाल करने वाले स्टूडेंट्स भी भारत से ही हैं। साथ ही भारत ओपनएआई डेवलपर प्लेटफॉर्म के टॉप-5 मार्केट्स में शामिल है।
कॉरपोरेटएज — ओपनएआई को ऑफिस देने वाली कंपनी
जिस कंपनी ने ओपनएआई को ऑफिस स्पेस दिया है, वह कॉरपोरेटएज (CorporateEdge) है — जो भारत में प्रीमियम वर्कस्पेस प्रोवाइड करने के लिए जानी जाती है। यह कंपनी फुली-फर्निश्ड और रेडी-टू-मूव ऑफिस देती है, जिसमें हाई-स्पीड इंटरनेट, सिक्योरिटी, हाउसकीपिंग, मीटिंग रूम और कोलैबोरेटिव वर्कस्पेस जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद रहती हैं।
हाल ही में कॉरपोरेटएज ने दिल्ली के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, नारौजी नगर में 42,000 वर्गफुट का विशाल ऑफिस स्पेस लीज पर लिया है। इसमें 500 से ज्यादा वर्कस्टेशन, 5 हाई-टेक मीटिंग रूम, प्राइवेट फोन बूथ, वर्कबेंच कैफे और कोलैबोरेटिव जोन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य मौजूदा वित्त वर्ष के अंत तक अपने कुल पोर्टफोलियो को 5.9 लाख वर्गफुट तक पहुंचाने का है।
ओपनएआई का दिल्ली ऑफिस इस बात का संकेत है कि भारत अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के ग्लोबल इकोसिस्टम में एक केंद्रीय भूमिका निभाने जा रहा है। आने वाले महीनों में कंपनी भारत से अपनी एआई-आधारित नीतियां और डेवलपर प्रोग्राम्स को आगे बढ़ाएगी।