छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाओं की समय-सारणी जारी कर दी है। सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, इस बार प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी 2025 तक आयोजित की जाएंगी। पिछले शैक्षणिक वर्षों में प्रायोगिक परीक्षा 10 जनवरी से शुरू होती थी, लेकिन इस बार 10 दिन पहले शुरू की जा रही है ताकि समय पर अंक संकलित कर बोर्ड को भेजे जा सकें।
बोर्ड की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कई बार स्कूलों द्वारा प्रायोगिक अंकों को समय पर न भेज पाने की वजह से छात्रों के परिणाम रोकने की स्थिति बन जाती है। इस बार ऐसी समस्या न हो, इसलिए स्कूलों को तय समय के अंदर परीक्षाएं आयोजन करने और अंक अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। मार्च के पहले सप्ताह से 10वीं और 12वीं की सैद्धांतिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी और प्रैक्टिकल अंकों के आधार पर ही अंतिम परिणाम तैयार किए जाएंगे।
यह प्रायोगिक तारीखें केवल रेगुलर छात्रों के लिए लागू होंगी। स्वाध्यायी (प्राइवेट) छात्रों के प्रैक्टिकल एग्जाम सैद्धांतिक परीक्षाओं के दौरान दो विषयों के अंतराल में आयोजित होंगे, जिसके लिए अलग से अधिसूचना जारी की जाएगी। स्कूल प्राचार्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं, जिनका पालन करते हुए ही प्रायोगिक और प्रायोजना कार्य 1 से 20 जनवरी के बीच संपन्न कराए जाएंगे।
इस नए शेड्यूल का उद्देश्य सिर्फ एक ही है—मार्च में होने वाली बोर्ड परीक्षा के समय छात्रों के परिणामों की प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के पूरी की जा सके और कोई भी रिज़ल्ट देर से जारी न हो।