भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार 27 नवंबर को वह मुकाम फिर छू लिया, जिसका इंतजार करीब 14 महीनों से था। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने ताज़ा उछाल में 86,055 का स्तर छुआ, जबकि निफ्टी भी 26,310 तक पहुंच गया। यह तेजी सितंबर 2024 के बाद पहली बार देखने को मिली है, जब सेंसेक्स ने 85,978 और निफ्टी ने 26,277 का ऑलटाइम हाई दर्ज किया था। इस समय सेंसेक्स 300 अंकों से ज्यादा की मजबूती के साथ 86 हजार के आसपास टिके हुए है और निफ्टी भी लगभग 100 अंकों की उछाल के साथ 26,300 के आसपास कारोबार कर रहा है। आज के सत्र में ऑटो, वित्तीय सेवाओं और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों ने बाजार को सबसे ज्यादा ताकत दी।
तेजी की पृष्ठभूमि को समझें तो विशेषज्ञ इसे वैश्विक परिस्थितियों में आए सुधार और सकारात्मक संकेतों का नतीजा बता रहे हैं। स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट प्रवीश गौर के अनुसार एशियाई बाजारों में मजबूती और वॉल स्ट्रीट के पिछले सत्र में पॉजिटिव क्लोजिंग ने निवेशकों का भावनात्मक माहौल मजबूत किया है। ग्लोबल रिस्क सेंटिमेंट बेहतर होने से भारतीय इक्विटी में ताज़ी खरीदारी को बल मिला है। साथ ही अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा संभावित ब्याज दर कटौती की अटकलों ने भी निवेशकों में नया जोश भर दिया है। इसी के साथ पिछले तीन कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद बाजार में शॉर्ट कवरिंग का प्रभाव भी देखने को मिला, जिसने तेजी को और गति दी।
वैश्विक बाज़ारों की बात करें तो एशियाई सूचकांकों में भी ऊर्जा दिखी। कोरिया का कोस्पी करीब 0.85% चढ़कर 3,994 तक पहुंच गया और जापान का निक्केई लगभग 1.30% की मजबूती के साथ 50,203 पर कारोबार कर रहा है। हालांकि हांगकांग के हैंगसेंग में हल्की गिरावट देखने को मिली। वहीं अमेरिकी बाजारों में भी कल रात मजबूत क्लोजिंग हुई, जहां डाउ जोन्स 0.67% की बढ़त के साथ 47,427 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डेक और S&P दोनों में क्रमशः 0.82% और 0.69% की तेजी रही।
बाजार की मौजूदा चाल में घरेलू निवेशकों की भूमिका निर्णायक मानी जा रही है। 26 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने करीब ₹4,969 करोड़ की खरीदारी की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इससे भी अधिक यानी ₹5,984 करोड़ की खरीदारी कर बाजार को और मजबूती दी। इस महीने की कुल गतिविधि पर नज़र डालें तो FIIs जहां ₹12,449 करोड़ के शुद्ध विक्रेता रहे हैं, वहीं DIIs ने ₹68,994 करोड़ की भारी-भरकम खरीद की है, जो साफ दर्शाता है कि बाजार की नींव मुख्य रूप से घरेलू निवेशक ही थामे हुए हैं।
एक दिन पहले यानी 26 नवंबर को भी बाजार ने मजबूत प्रदर्शन किया था। सेंसेक्स 1,023 अंक की छलांग लगा कर 85,610 पर बंद हुआ था और निफ्टी 321 अंकों की बढ़त के साथ 26,205 के स्तर पर बंद हुआ था। आज की कार्रवाई ने उस तेजी को और मजबूती दी है, और बाजार नए ऐतिहासिक स्तरों की ओर कदम बढ़ाता दिखाई दे रहा है।