Meta Pixel

थप्पड़ का बदला खौफनाक हत्या से लिया: कुल्हाड़ी से 17 वार कर किया सिर धड़ से अलग, थैले में भरकर गाड़ा; मोबाइल वीडियो से खुला राज

Spread the love

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां आपसी रंजिश में एक युवक की बेहद बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के दौरान मिले एक थप्पड़ का बदला लेने के लिए आरोपी ने पूरी साजिश रची और युवक को जंगल ले जाकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ 17 वार कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए कटे हुए सिर को थैले में भरकर तालाब किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। इस खौफनाक हत्या का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी के मोबाइल फोन से मर्डर का वीडियो बरामद हुआ।

यह मामला विश्रामपुरी थाना क्षेत्र का है। 5 दिसंबर को आरोपी श्यामलाल नेताम अपने साथी के साथ लछीन्दर पांडे को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया था। वहां पहले से तय योजना के मुताबिक, उस पर लगातार कुल्हाड़ी से हमला किया गया। 17 वार के बाद जब युवक की मौके पर ही मौत हो गई, तब उसका सिर काटकर अलग कर दिया गया और धड़ को जंगल में ही छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद इस पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया था, जिसे बाद में अपने मोबाइल में सेव कर रखा था।

तीन दिन पहले विश्रामपुरी जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि शव का सिर पूरी तरह गायब था। शुरुआत में यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि यह हत्या है या किसी जंगली जानवर का हमला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम बनाई गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की गई। सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान करना था।

पुलिस ने शव के कपड़ों और अन्य पहचान चिन्हों के आधार पर उसकी पहचान बाड़ागांव निवासी लछीन्दर पांडे के रूप में की। इसके बाद यह साफ हो गया कि यह सुनियोजित हत्या का मामला है। जांच आगे बढ़ी तो मुखबिर से अहम जानकारी मिली कि कुछ दिन पहले विश्रामपुरी के साप्ताहिक बाजार में लछीन्दर का श्यामलाल नेताम और रामू नेताम के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान लछीन्दर ने गुस्से में श्यामलाल को थप्पड़ मार दिया था। यही घटना इस खूनी साजिश की वजह बनी।

पुलिस ने संदेह के आधार पर श्यामलाल नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन वह लगातार गुमराह करता रहा। जब पुलिस ने उसका मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें हत्या का वीडियो मिला, जिसने पूरे मामले से पर्दा हटा दिया। वीडियो देखते ही पुलिस अधिकारी भी सन्न रह गए। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर श्यामलाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि लछीन्दर को अकेला पाकर जंगल में ले जाया गया और वहां उसकी हत्या कर दी गई। सिर को थैले में भरकर तालाब किनारे गड्ढे में दफनाया गया, ताकि शव की पहचान न हो सके।

फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी रामू नेताम अभी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। यह पूरा मामला न केवल क्रूरता की हदें पार करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि एक छोटी सी रंजिश कैसे खौफनाक अंजाम तक पहुंच सकती है।

कोंडागांव के विश्रामपुरी जंगल में मिली थी सिर कटी लाश।
कोंडागांव के विश्रामपुरी जंगल में मिली थी सिर कटी लाश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *