Meta Pixel

धर्मशाला में आज भारतीय टीम का अभ्यास, तीसरे टी-20 से पहले बदला मौसम; आसमान में बादल, ठंड बढ़ी

Spread the love

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले से पहले धर्मशाला में हलचल तेज हो गई है। रविवार को होने वाले इस अहम मैच से पहले भारतीय टीम आज मैदान पर पसीना बहाएगी। बीसीसीआई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित है, जहां खिलाड़ी ठंडे हालात में परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने पर फोकस करेंगे।

दक्षिण अफ्रीका के लिए शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक नेट सेशन प्रस्तावित था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मेहमान टीम मैदान पर अभ्यास नहीं करेगी और केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेगी। ऐसे में भारतीय टीम को धर्मशाला की पिच और मौसम के साथ तालमेल बैठाने का अतिरिक्त समय मिलेगा।

मैच से ठीक एक दिन पहले धर्मशाला का मौसम अचानक बदल गया है। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे पहाड़ी शहर में ठंड बढ़ गई है। हालांकि शहर में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन सामने दिख रही धौलाधार की पहाड़ियों पर हल्के हिमपात के आसार बने हुए हैं। इसी तरह हिमाचल की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी की संभावना है, जिसका असर मैदान के माहौल पर दिख सकता है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक धर्मशाला में दिन का तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि रात में पारा गिरकर 6 से 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। ठंडी हवाएं मैच के दौरान गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं, जिससे मुकाबले में अतिरिक्त रोमांच जुड़ने की उम्मीद है।

मैच शाम 7 बजे शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चलेगा। ऐसे में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने दर्शकों को सलाह दी है कि वे स्टेडियम आते वक्त गर्म कपड़े साथ रखें, ताकि ठंड के बीच बिना परेशानी के मैच का आनंद लिया जा सके।

इस मुकाबले का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है क्योंकि पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है। पिछले मैच में चंडीगढ़ में भारत को 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में धर्मशाला का यह तीसरा टी-20 दोनों टीमों के लिए सीरीज में बढ़त हासिल करने के लिहाज से बेहद अहम बन गया है। दोनों टीमें शुक्रवार को ही चार्टर प्लेन से चंडीगढ़ से गगल एयरपोर्ट पहुंच चुकी थीं और अब नजरें इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *