मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा फूड सेफ्टी ऑफिसर भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार 14 दिसंबर को इंदौर में किया जाएगा। इस परीक्षा में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग ने परीक्षा के लिए इंदौर शहर में कुल 44 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। परीक्षा एक ही सत्र में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संभागायुक्त सुदामा खड़े को सौंपी गई है।
परीक्षा को लेकर आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11:15 बजे से दिया जाएगा, जबकि 11:45 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आयोग ने साफ किया है कि निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले उम्मीदवारों को बाहर ही रहना होगा। परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थियों को उनके प्रश्नपत्र सेट उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को अपना ई-एडमिट कार्ड, कोई वैध फोटो पहचान पत्र, निर्धारित स्याही वाला पेन और पारदर्शी पानी की बोतल लानी होगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों को आयोग के नियमों के अनुसार विशेष सुविधा दी जाएगी। यदि वे लेखक की सुविधा लेते हैं, तो उन्हें एक घंटे का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल इंतजाम भी किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी, जिसमें डॉक्टर मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से पीने के पानी की व्यवस्था भी सभी केंद्रों पर की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक सामान को लेकर सख्ती बरती जाएगी। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, पेन ड्राइव या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा पेंसिल, रबर, व्हाइटनर, बैग, बेल्ट, चाबी, पर्स, टोपी, जूते और मोजे पहनकर भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
सिर्फ अभ्यर्थियों ही नहीं, बल्कि परीक्षा में तैनात पर्यवेक्षकों के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा के दौरान किसी भी पर्यवेक्षक को मोबाइल फोन रखने की इजाजत नहीं होगी। आयोग ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा संचालन के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं और दिशा-निर्देश पहले ही लागू कर दिए हैं।