Meta Pixel

ढाबे जैसे स्वाद वाली दाल मखनी घर में बनाएं, तैयार करने का ये तरीका है आसान

Spread the love

ढाबे की दाल मखनी का नाम सुनते ही मन में गाढ़ी, क्रीमी और मक्खन से भरपूर दाल की तस्वीर उभर आती है। धीमी आंच पर घंटों पकने वाली यह दाल अपने स्मोकी फ्लेवर और रिच टेस्ट की वजह से हर किसी की फेवरेट होती है। रोटी हो या तंदूरी नान ढाबे वाली दाल मखनी हर चीज़ के साथ कमाल लगती है।

अक्सर लोग सोचते हैं कि ऐसा स्वाद घर पर लाना मुश्किल है, लेकिन सही सामग्री और ढाबे के खास ट्रिक्स अपनाकर आप भी वही जायका पा सकते हैं। अगर आप भी घर पर रेस्टोरेंट जैसी दाल मखनी बनाना चाहते हैं, तो यह तरीका आपके लिए एकदम परफेक्ट है।

दाल मखनी बनाने के लिए सामग्री

  • साबुत उड़द दाल – 1 कप
  • राजमा – 1/4 कप
  • पानी – जरूरत अनुसार
  • मक्खन – 3 से 4 टेबलस्पून
  • तेल – 1 टेबलस्पून
  • प्याज (बारीक कटे) – 2 मध्यम
  • टमाटर प्यूरी – 1 कप
  • अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 टेबलस्पून
  • लाल मिर्च पाउडर – 1 टीस्पून
  • धनिया पाउडर – 1 टीस्पून
  • गरम मसाला – 1/2 टीस्पून
  • कसूरी मेथी – 1 टीस्पून
  • फ्रेश क्रीम – 1/4 कप
  • नमक – स्वादानुसार

दाल मखनी बनाने का तरीका

ढाबे वाली दाल मखनी को घर पर भी बनाया जा सकता है। इसके लिए साबुत उड़द दाल और राजमा को 8-10 घंटे या रातभर भिगो दें। फिर प्रेशर कुकर में नमक डालकर 5-6 सीटी आने तक पकाएं, ताकि दाल पूरी तरह गल जाए।

कढ़ाही में तेल और 2 टेबलस्पून मक्खन डालें। इसमें बारीक कटे प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट डालें और खुशबू आने तक पकाएं।

अब टमाटर प्यूरी डालकर धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मक्खन ऊपर न तैरने लगे। इसके बाद लाल मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें।

अब उबली हुई दाल-राजमा मसाले में डालें। जरूरत अनुसार पानी मिलाएं और धीमी आंच पर 30-40 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि दाल तले में न लगे।

आखिर में कसूरी मेथी को हाथ से मसलकर डालें, फ्रेश क्रीम और बचा हुआ मक्खन मिलाएं। चाहें तो कोयले से धुंआ देकर स्मोकी फ्लेवर भी दे सकते हैं। स्वादिष्ट दाल मखनी को लंच या डिनर में परोसकर लुत्फ उठाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *