Meta Pixel

मोटोरोला एज 70 आज भारत में लॉन्च: अल्ट्रा-थिन डिजाइन, 50MP सेल्फी कैमरा और दमदार AI फीचर्स के साथ एंट्री

Spread the love

मोटोरोला आज 15 दिसंबर को भारतीय बाजार में अपना नया प्रीमियम मिड-रेंज स्मार्टफोन मोटोरोला एज 70 लॉन्च करने जा रही है। कंपनी का लॉन्च इवेंट दोपहर 12 बजे शुरू होगा, जिसमें यह फोन आधिकारिक तौर पर पेश किया जाएगा। लॉन्च से पहले सामने आई जानकारियों के मुताबिक मोटोरोला एज 70 को बेहद स्लिम और प्रीमियम डिजाइन के साथ उतारा जाएगा, जो इस सेगमेंट में इसे अलग पहचान देता है।

मोटोरोला एज 70 की सबसे बड़ी खासियत इसका अल्ट्रा-थिन डिजाइन है। फोन की मोटाई सिर्फ 5.99mm बताई जा रही है और वजन महज 159 ग्राम होगा। इसमें एयरक्राफ्ट-ग्रेड एल्यूमिनियम फ्रेम और टेक्सचर्ड बैक पैनल मिलेगा, जो हाथ में प्रीमियम फील देगा। कंपनी इसे तीन पेनटोन-क्यूरेटेड कलर ऑप्शन में लॉन्च करेगी, जिनमें लिली पैड, गैजेट ग्रे और ब्रॉन्ज ग्रीन शामिल हैं।

डिस्प्ले की बात करें तो मोटोरोला एज 70 में 6.7 इंच का एक्सट्रीम एमोलेड डिस्प्ले मिलेगा, जो 1.5K रेजोल्यूशन के साथ आएगा। यह स्क्रीन 4500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करेगी, जिससे तेज धूप में भी कंटेंट साफ नजर आएगा। बेहतर ऑडियो-विजुअल अनुभव के लिए इसमें डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट दिया जाएगा। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए गोरिल्ला ग्लास 7i प्रोटेक्शन मिलेगी, जबकि स्मार्ट वाटर टच फीचर की मदद से बारिश या गीले हाथों में भी टच रिस्पॉन्स बना रहेगा।

कैमरा सेगमेंट में भी मोटोरोला एज 70 काफी मजबूत नजर आ रहा है। फोन में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड प्लस मैक्रो विजन सेंसर दिया जाएगा। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल का क्वाड पिक्सल फ्रंट कैमरा मिलेगा। कैमरा एप में कई एडवांस मोटो AI फीचर्स शामिल होंगे, जैसे AI एक्शन शॉट, AI अडेप्टिव स्टेबिलाइजेशन, AI ग्रुप शॉट और AI सिग्नेचर स्टाइल। खास बात यह है कि फोन सभी कैमरा लेंस से 4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करेगा।

परफॉर्मेंस के मामले में मोटोरोला एज 70 भारत का पहला स्मार्टफोन होगा, जिसमें स्नैपड्रैगन 7 जेन 4 चिपसेट दिया जाएगा। बेहतर थर्मल मैनेजमेंट के लिए फोन में वेपोर कूलिंग चैंबर मिलेगा। यह डिवाइस एंड्रॉयड 16 पर आधारित हेलियो UI पर काम करेगा और कंपनी इसमें तीन साल के OS अपडेट तथा चार साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है।

AI इंटीग्रेशन को मोटोरोला एज 70 की सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है। फोन में गूगल जेमिनी, माइक्रोसॉफ्ट कोपाइलेट, परप्लेक्सिटी और मोटो AI का मल्टी-प्लेटफॉर्म सपोर्ट मिलेगा। इसके साथ AI इमेज स्टूडियो, AI प्लेलिस्ट स्टूडियो और मोटो AI असिस्ट जैसे फीचर्स दिए जाएंगे, जिनमें मेमोरी कैप्चर, लाइव ट्रांसक्रिप्शन, कॉन्टेक्स्टुअल सजेशंस और स्मार्ट समरी जैसे टूल्स शामिल हैं। इसके अलावा गूगल फोटोज के सर्किल टू सर्च, मैजिक इरेजर और मैजिक एडिटर का सपोर्ट भी फोन में मिलेगा। Smart Connect 3.0 की मदद से पीसी मिररिंग, डिवाइस के बीच ऐप कंटिन्यूटी और टीवी पर कंटेंट कास्टिंग जैसे फीचर्स भी यूजर्स को मिलेंगे।

बैटरी की बात करें तो मोटोरोला एज 70 में 5000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी जाएगी, जो कंपनी के अनुसार 31 घंटे तक लगातार वीडियो प्लेबैक देने में सक्षम होगी। चार्जिंग के लिए इसमें 68W फास्ट चार्जिंग और 15W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा।

मोटोरोला एज 70 को IP68 और IP69 रेटिंग के साथ मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी दी जाएगी, जिससे यह पानी और धूल से बेहतर सुरक्षा देगा। कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती कीमत करीब 35,000 रुपये रहने की उम्मीद जताई जा रही है। लॉन्च के बाद इसके सटीक प्राइस और उपलब्धता की जानकारी सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *