Meta Pixel

दुर्ग जिले में पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस में आशातीत उपलब्धि

Spread the love

दुर्ग, 21 दिसम्बर 2025/ राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चक्र के प्रथम दिवस 21 दिसम्बर 2025 को नगर निगम क्षेत्र दुर्ग अंतर्गत स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, नगर निगम दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह द्वारा जिला चिकित्सालय दुर्ग में पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया।
मुख्यालय के शहरी क्षेत्र भिलाई अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला भिलाई में विधायक वैशाली नगर श्री रिकेश सेन, विकासखंड पाटन अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पोलियो बूथ में अध्यक्ष नगर पंचायत पाटन श्री योगेश (निक्की) भाले,  विकासखंड धमधा अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के पोलियो बूथ में उपाध्यक्ष नगर पंचायत धमधा श्री बृजेन्द्र दानी, विकासखंड निकुम दुर्ग अंतर्गत पुरानी बस्ती जी.डी. नगर निकुम में जनपद सदस्य श्रीमती लीलावती देशमुख, सरपंच एवं विधायक प्रतिनिधि श्री भागवत पटेल द्वारा टीकाकरण बूथों में उपस्थित होकर पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।
पल्स पोलियो अभियान के प्रथम चरण में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं अधिकारी डॉ. मनोज दानी व जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में 21 दिसम्बर को निर्धारित आयु वर्ग के लगभग 85 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर प्रतिरक्षित किया गया।
कलेक्टर श्री सिंह द्वारा समय-समय पर अभियान की जानकारी एवं उपलब्धि के विषय में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जानकारी लेते हुए सम्पूर्ण सफलता हेतु आवश्यक निर्देश देते रहे। जिला स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा 21 दिसम्बर 2025 को प्रातः 08ः00 बजे से शहरी क्षेत्र नगर निगम दुर्ग/भिलाई एवं विभिन्न विकास खण्डों के ग्रामों के टीकाकरण बूथों में मॉनिटरिंग की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी व जिला टीकाकरण अधिकारी दुर्ग नगरीय क्षेत्र, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव ग्लैड विकासखंड पाटन, जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ सी.बी.एस. बंजारे विकासखंड निकुम क्षेत्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना चौहान ने नगर निगम भिलाई, चरोदा, रिसाली व टाउनशिप क्षेत्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अभिषेक श्रीवास्तव ने विकासखंड धमधा एवं अन्य सहयोगी संस्थाओं का भ्रमण कर मॉनिटरिंग की। विकासखंड क्षेत्रों में खण्ड चिकित्सा अधिकारियों द्वारा डॉ. देवेन्द्र बेलचंदन शहरी दुर्ग, डॉ. बीआर कठौतिया पाटन एवं डॉ. डी.पी. ठाकुर ने धमधा में भ्रमण कर मॉनिटरिंग की।
जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि अभियान के द्वितीय व तृतीय दिवस 22 व 23 दिसंबर 2025 को टीकाकरण दलों जिनमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार आदि द्वारा जिले के कुल 3.45 लाख घरों का भ्रमण कर अभियान के प्रथम दिवस को निर्धारित बुथ में न आने वाले छुटे हुए बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाया जायेगा। साथ ही 21 दिसम्बर 2025 को सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज द्वारा बताया गया कि जिला अस्पताल दुर्ग में आज ही जन्म लिए 09 नवजात शिशुओं को पोलियो ड्रॉप पिलाया गया तथा सेक्टर 9 बी.एस.पी. अस्पताल, निजी नर्सिंग होम में नवजात बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया गया। इसके अलावा शहरी क्षेत्र दुर्ग व भिलाई के रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड, टेम्पो स्टैण्ड में ट्रांजिट टीम व ओवरब्रिज के आस-पास के झुग्गी झोपड़ी में मोबाईल टीम नें विशेष रूप से भ्रमण किया। ग्रामीण क्षेत्रों के मेलें एवं मड़ई स्थलों, प्रवचन स्थलों, ईट भट्टी व फैक्ट्री क्षेत्र के आसपास, बाड़ी, नदी के किनारे की बसाहट में टीकाकरण दल द्वारा भ्रमण कर पोलियो खुराक पिलाई गई तथा 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को भी इन क्षेत्रों में पिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *