Meta Pixel

रायपुर में सूखा नशा बेलगाम: अमलीडीह के फ्लैट में ड्रग्स लेते युवक-युवती का वीडियो वायरल, पुलिस अलर्ट

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूखे नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद ड्रग्स का नेटवर्क अब रिहायशी इलाकों तक फैलता दिख रहा है। इसका ताजा खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से हुआ है, जिसने शहर की कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में एक युवक और एक युवती को नोट के सहारे ड्रग्स की लाइन बनाकर नशा करते हुए देखा जा सकता है। यह दृश्य किसी सुनसान इलाके का नहीं, बल्कि शहर के भीतर एक फ्लैट का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई हैं, क्योंकि यह साफ संकेत देता है कि नशे का कारोबार अब बंद दरवाजों के पीछे बेखौफ चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक यह वीडियो रायपुर के अमलीडीह कॉलोनी इलाके में स्थित एक फ्लैट के अंदर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोग भी सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने लगे हैं। रिहायशी कॉलोनियों में इस तरह की गतिविधियां सामने आना शहर के लिए बेहद गंभीर चेतावनी मानी जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि ड्रग्स पैडलर्स अब खुले बाजार में सौदे करने के बजाय चुनिंदा और पर्सनल ग्राहकों को चोरी-छिपे सप्लाई कर रहे हैं, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। इसके लिए फ्लैट, होटल और किराए के मकानों को नशे के अड्डे के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। यही वजह है कि कार्रवाई के बावजूद नशे का नेटवर्क पूरी तरह टूट नहीं पा रहा है।

गौरतलब है कि रायपुर पुलिस अब तक सूखे नशे से जुड़े करीब 79 ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बावजूद इस तरह के वीडियो सामने आना बताता है कि नशे का कारोबार अब भी जड़ें जमाए हुए है और नए-नए तरीके अपनाकर चलाया जा रहा है।

वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता, उसकी लोकेशन और उसमें नजर आ रहे लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि अगर वीडियो में दिखाई दे रही गतिविधियों की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला न सिर्फ पुलिस के लिए, बल्कि समाज के लिए भी एक बड़ा अलार्म है, क्योंकि खुलेआम रिहायशी इलाकों में नशे की पहुंच भविष्य की पीढ़ी के लिए खतरनाक संकेत मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *