इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने भर्ती परीक्षा 2025 के नतीजे जारी कर दिए हैं। Indian Oil Corporation Limited की ओर से जूनियर इंजीनियर (JE) के साथ-साथ इंजीनियर/ऑफिसर (ग्रेड-A) और जूनियर ऑपरेटर पदों के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट iocl.com पर जाकर अपना रिजल्ट ऑनलाइन देख और स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
कंपनी के मुताबिक, JE सहित सभी संबंधित पदों के स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का लिंक 3 जनवरी 2026 तक सक्रिय रहेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपना रिजल्ट सुरक्षित कर लें। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में सफल उम्मीदवार अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए पात्र माने जाएंगे, जो पद के अनुसार अलग-अलग होंगे।
रिजल्ट देखने की प्रक्रिया काफी सरल रखी गई है। उम्मीदवारों को सबसे पहले IOCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Careers’ सेक्शन खोलना होगा। यहां IOCL JE Result 2025 से संबंधित लिंक पर क्लिक करने के बाद रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर और जन्मतिथि अथवा पासवर्ड दर्ज करना होगा। लॉगिन करते ही स्क्रीन पर स्कोरकार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए प्रिंट आउट निकालना बेहतर रहेगा।
स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, प्राप्त अंक, क्वालिफाइंग स्टेटस और यदि लागू हो तो श्रेणीवार कट-ऑफ जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज होंगी। आगे की चयन प्रक्रिया में यही दस्तावेज आधार बनेगा, इसलिए इसकी सही तरीके से जांच करना जरूरी है।
IOCL भर्ती 2025 के तहत CBT परीक्षा का आयोजन 31 अक्टूबर 2025 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा 150 मिनट की थी, जिसमें कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक दिया गया, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू की गई थी।
अब चयन प्रक्रिया के अगले चरण में CBT में सफल अभ्यर्थियों को ग्रुप डिस्कशन या ग्रुप टास्क के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद पर्सनल इंटरव्यू और अंत में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को अंतिम नियुक्ति दी जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि आगे की प्रक्रिया से जुड़ी हर अपडेट के लिए IOCL की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।