CSIR NET December 2025 परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने CSIR NET दिसंबर 2025 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। 18 दिसंबर 2025 को आयोजित परीक्षा में बैठे उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.ac.in पर जाकर अपनी आंसर की और रिस्पॉन्स शीट देख व डाउनलोड कर सकते हैं। आंसर की जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों को अपने उत्तरों का मिलान करने और संभावित स्कोर का आकलन करने का मौका मिल गया है।
यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर उम्मीदवार को आपत्ति है, तो उसके लिए भी प्रक्रिया खोल दी गई है। अभ्यर्थी 1 जनवरी 2026 की रात 11 बजे तक निर्धारित शुल्क और प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए उम्मीदवारों को अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड या जन्मतिथि के माध्यम से लॉग-इन करना होगा। तय समयसीमा के बाद किसी भी तरह की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
CSIR NET दिसंबर 2025 सत्र के तहत सभी प्रमुख विषयों की आंसर की अलग-अलग जारी की गई है। इसमें केमिकल साइंसेज, अर्थ एटमॉस्फेरिक ओशन एंड प्लैनेटरी साइंसेज, लाइफ साइंसेज, मैथमेटिकल साइंसेज और फिजिकल साइंसेज शामिल हैं। उम्मीदवार अपने-अपने विषय के अनुसार आंसर की का चयन कर सकते हैं और रिस्पॉन्स शीट के साथ मिलान कर सकते हैं।
आंसर की डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Provisional Answer Key – CSIR NET December 2025’ के लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद लॉग-इन करने पर स्क्रीन पर आंसर की और रिस्पॉन्स शीट दिखाई देगी, जिसे भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड कर सुरक्षित रखा जा सकता है।
गौरतलब है कि CSIR NET December 2025 परीक्षा का आयोजन 18 दिसंबर 2025 को कंप्यूटर आधारित परीक्षा मोड में किया गया था। परीक्षा की अवधि कुल तीन घंटे की थी और इसे दो शिफ्टों में संपन्न कराया गया। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रही, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की गई। अब प्रोविजनल आंसर की जारी होने के बाद उम्मीदवारों की नजरें फाइनल आंसर की और रिजल्ट की तारीख पर टिकी हुई हैं।