19 गेंदों में तूफानी अर्धशतक: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मचाया कोहराम, भारत की तेज शुरुआत

Spread the love

भारतीय अंडर-19 क्रिकेट को एक नया सितारा मिल गया है। महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने साउथ अफ्रीका अंडर-19 टीम के खिलाफ ऐसा विस्फोटक प्रदर्शन किया, जिसने मुकाबले की दिशा ही बदल दी। बेनोनी में खेले जा रहे दूसरे यूथ वनडे में वैभव ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए।

वैभव सूर्यवंशी ने 24 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 10 गगनचुंबी छक्के और एक चौका शामिल रहा। खास बात यह रही कि उनकी शुरुआती 51 रनों में से 48 रन सिर्फ छक्कों के जरिए आए। इस आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 11 ओवर में ही 2 विकेट के नुकसान पर 103 रन बना लिए और बड़े लक्ष्य के पीछा करते हुए शानदार शुरुआत कर ली। क्रीज पर उस समय वेदांत त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू मौजूद थे।

इससे पहले मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका अंडर-19 टीम 49.3 ओवर में 245 रन पर सिमट गई। अफ्रीकी टीम की ओर से जानसन रोवल्स ने बेहतरीन शतक जड़ा और 113 गेंदों में 114 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके और 3 छक्के शामिल थे, जिसने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

हालांकि अफ्रीकी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले के अंदर ही टीम ने अपने दोनों ओपनर्स गंवा दिए। भारतीय गेंदबाज किशन सिंह ने शुरुआती झटके देते हुए अदनान लागदीन, जोरिच वान शाल्कवाइक और कप्तान मोहम्मद बुलबुलिया को पवेलियन भेज दिया। किशन ने कुल 3 विकेट चटकाए, जबकि आरएस अंब्रिश को 2 सफलता मिली। कनिष्क चौहान और खिलन पटेल ने भी एक-एक विकेट लेकर दबाव बनाए रखा।

46 रन पर विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए जानसन रोवल्स ने पारी को संभालते हुए टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। उनके अलावा डेनियल बोसमैन ने 31 रनों का योगदान दिया। अब 246 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी की इस तूफानी शुरुआत ने मजबूत स्थिति में ला खड़ा किया है।

यह पारी सिर्फ एक मैच का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य की झलक मानी जा रही है, जहां इतनी कम उम्र में ऐसा आत्मविश्वास और आक्रामकता बहुत कम देखने को मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *