Reliance Q3 Results: 16 जनवरी को आएंगे रिलायंस के नतीजे, शेयर में गिरावट के बीच निवेशकों की बढ़ी धड़कन

Spread the love

देश की सबसे बड़ी निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपनी तीसरी तिमाही यानी Q3 के नतीजों की तारीख का ऐलान कर दिया है। कंपनी के बोर्ड मेंबर्स 16 जनवरी को बैठक करेंगे, जिसमें 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हुई तिमाही के वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, बोर्ड मीटिंग के बाद एनालिस्ट मीट भी आयोजित होगी, जहां चालू वित्त वर्ष के नौ महीनों के प्रदर्शन पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

नतीजों की घोषणा ऐसे समय पर हो रही है, जब रिलायंस के शेयर लगातार दबाव में नजर आ रहे हैं। पिछले चार कारोबारी दिनों में शेयर करीब 8 फीसदी टूट चुका है। गुरुवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर रिलायंस का शेयर 2 फीसदी से ज्यादा गिरकर ₹1,470.70 पर बंद हुआ। यह पिछले आठ सत्रों में चौथी लगातार गिरावट रही। इस गिरावट का असर सीधे कंपनी के मार्केट कैप पर पड़ा है, जो करीब एक लाख करोड़ रुपए घटकर अब 19.89 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है।

इस हफ्ते शेयर में आई तेज गिरावट के पीछे एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट भी बड़ी वजह बनी। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रूसी कच्चे तेल से भरे तीन जहाज रिलायंस की जामनगर रिफाइनरी की ओर बढ़ रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही रिलायंस के शेयर में इंट्राडे करीब 5 फीसदी तक की बड़ी गिरावट देखी गई। हालांकि, कंपनी ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए इस रिपोर्ट को पूरी तरह गलत और तथ्यहीन करार दिया और किसी भी तरह के कच्चे तेल आयात से इनकार किया।

अगर पिछली तिमाही के प्रदर्शन पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा 18,165 करोड़ रुपए रहा था, जो सालाना आधार पर करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी को दर्शाता है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने 16,563 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया था। वहीं, प्रोडक्ट और सर्विस से कंपनी का कुल रेवेन्यू 2.59 लाख करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 10 फीसदी ज्यादा था।

अब बाजार की नजर 16 जनवरी को आने वाले Q3 नतीजों पर टिकी है। एनालिस्ट्स का मानना है कि ये नतीजे रिलायंस के शेयर की आगे की दिशा तय कर सकते हैं। खास तौर पर निवेशकों की नजर Jio और रिटेल बिजनेस के मार्जिन पर रहेगी, साथ ही जामनगर रिफाइनरी के ऑपरेटिंग मार्जिन भी अहम भूमिका निभाएंगे। कमजोर बाजार धारणा के बीच ये नतीजे तय करेंगे कि रिलायंस का शेयर गिरावट से उबर पाएगा या दबाव और बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *