अगर आप इन दिनों फिक्स्ड डिपॉजिट जैसे सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं, तो सिर्फ बैंक एफडी पर ही नजर टिकाना जरूरी नहीं है। सरकार ने अक्टूबर–दिसंबर तिमाही के लिए स्मॉल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है, यानी निवेशकों को पहले की तरह ही आकर्षक ब्याज मिलता रहेगा। ऐसे में भारतीय डाक विभाग की नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट स्कीम एक भरोसेमंद विकल्प बनकर सामने आती है, जहां 1 साल से लेकर 5 साल तक के लिए निवेश कर तय रिटर्न हासिल किया जा सकता है।
नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट असल में एक तरह की सरकारी एफडी ही है, जिसमें तय अवधि के लिए पैसा जमा करने पर निश्चित ब्याज मिलता है। इस स्कीम में 1 साल से 5 साल तक की अवधि चुनने की सुविधा है और ब्याज दरें 6.9 प्रतिशत से लेकर 7.5 प्रतिशत तक जाती हैं। निवेश की शुरुआत महज 1000 रुपये से की जा सकती है, जबकि अधिकतम निवेश की कोई सीमा तय नहीं है। यही वजह है कि छोटे निवेशक से लेकर बड़ी रकम लगाने वाले लोग भी इस स्कीम को पसंद करते हैं।
अगर बात करें पैसे के दोगुना होने की, तो मौजूदा 7.5 प्रतिशत ब्याज दर पर ‘रूल ऑफ 72’ के हिसाब से आपका निवेश करीब 9 साल 6 महीने में दोगुना हो सकता है। फाइनेंस की दुनिया में यह नियम काफी लोकप्रिय है, क्योंकि इससे यह अंदाजा लगाना आसान हो जाता है कि किसी तय ब्याज दर पर पैसा कितने समय में दोगुना होगा। उदाहरण के तौर पर, ब्याज दर से 72 को भाग देकर अनुमानित समय निकाला जाता है।
इस स्कीम की एक बड़ी खासियत टैक्स से जुड़ा फायदा भी है। अगर आप पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट में 5 साल की अवधि के लिए निवेश करते हैं, तो आयकर अधिनियम 1961 की धारा 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ मिल सकता है। इसके तहत सालाना 1.50 लाख रुपये तक के निवेश पर टैक्स में राहत ली जा सकती है। हालांकि यह फायदा सिर्फ उन्हीं निवेशकों को मिलेगा, जो पुरानी इनकम टैक्स रिजीम के तहत आईटीआर फाइल करते हैं।
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट अकाउंट खोलने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है। कोई भी वयस्क व्यक्ति सिंगल अकाउंट खोल सकता है, जबकि दो या तीन लोग मिलकर जॉइंट अकाउंट भी खोल सकते हैं। इतना ही नहीं, 10 साल से अधिक उम्र के नाबालिग खुद अपना अकाउंट ऑपरेट कर सकते हैं, या फिर माता-पिता उनके नाम से यह खाता खुलवा सकते हैं। कुल मिलाकर देखा जाए, तो यह स्कीम सुरक्षित निवेश, तय रिटर्न और टैक्स बेनिफिट का संतुलित विकल्प मानी जाती है, जो जोखिम से दूर रहकर पैसा बढ़ाने वालों के लिए खास तौर पर उपयोगी है।