सटोरियों का खेल: दिन में कई बार बदल रहे चांदी के दाम, शेयर बाजार भी फेल

Spread the love

रायपुर। चांदी के दाम ने बीते साल नया रिकॉर्ड बनाया है। इसके पीछे बहुत बड़ा हाथ सटोरियों का है। अब तो नए साल में स्थिति यह हो गई है कि चांदी के दाम एक ही दिन में कई बार बदल रहे हैं। एक ही दिन में दस हजार रुपए तक दाम कम ज्यादा हो रहे हैं। इसके आगे शेयर बाजार फेल हो गया है। बीते साल तो बंद बाजार में भी सटोरियों ने चांदी के दाम ढाई लाख के पार पहुंचा दिए थे। नए साल में और बड़ा खेल हो रहा है। इसके कारण पहली बार वायदा कारोबारी भी परेशान हो गए हैं। अब तो फोन पर कोई भी बुकिंग नहीं हो रही है। जिस समय खरीदारी होनी है, उस समय जो ऑनलाइन दाम हैं, उसी दाम में चांदी बिक रही है। चांदी में सटोरियों के खेल के कारण बुलियन बाजार में भी हड़कंप मचा हुआ है।

चांदी में तो इस साल कमाल का ही खेल हो रहा है। कारोबारियों की मानें तो मिनट दर मिनट इसका दाम शेयर बाजार की तरह बदल रहे हैं। कारोबारियों को कई बार इसके दाम अपडेट करने पड़ रहे हैं। एक ही दिन में कई बार दाम बदल रहे हैं। एक दिन पहले की ही बात करें तो रात को साढ़े बजे जब दाम खुले तो उस समय चांदी के दाम ढाई लाख रुपए किलो थे। दो घंटे बाद इसके 6200 बढ़ गए और रात को 9.30 बजे दाम 256200 रुपए हो गए। इसी तरह से दो दिन पहले रात को 7.30 बजे दाम 238000 हजार थे, दो घंटे बाद दाम अचानक से 9500 रुपए बढ़ गए। ऐसा ही रोज हो रहा है। सुबह को जो दाम रहते हैं शाम को उससे दाम दस हजार तक कम ज्यादा हो रहे हैं।

सालभर में एक लाख 45 हजार बढ़े दाम
चांदी के दाम कुछ साल पहले तक सीमित ही बढ़ते थे, लेकिन बीते साल में चांदी के दाम में भारी इजाफा हुआ। पांच साल पहले 2021 में चांदी के दाम जनवरी में 67520 रुपए थे। ये दाम कम होकर जनवरी 2022 में 60 हजार रुपए हो गए। इसके बाद एक साल में दाम 12 हजार ही बढ़े और जनवरी 2023 में 72 हजार रुपए हुए। इसके बाद एक साल में दाम महज चार हजार बढ़े और जनवरी में 2024 में दाम 76 हजार रुपए हुए। एक साल में फिर से दाम 12500 रुपए ही बढ़े और बीते साल के प्रारंभ में इसके दाम 88500 हो गए। इस साल दाम ने ऐसा कमाल किया है कि इसके दाम अब ढाई लाख के पार हो गए। लेकिन सटोरियों के कारण साल के अंत में एक सप्ताह के बंद बाजार में दाम कम ज्यादा होते रहे और साल के अंतिम दिन दाम 234200 रुपए रहे। इस तरह से साल भर में दाम इसके दाम में 1 लाख 45 हजार सात सौ रुपए का इजाफा हुआ।

दाम का ऐसा खेल पहले कभी नहीं देखा
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने बताया, पहली बार चांदी के दाम इस तरह से कम ज्यादा हो रहे हैं। पहले कभी भी दाम एक दिन में इतनी बार कम ज्यादा नहीं होते थे। आज दो मिनट दर मिनट दाम बदल रहे हैं। ऐसे में अब फोन पर भी बुकिंग बंद है। जब ग्राहक खरीदारी करने आते हैं, तभी उस समय के दाम देखकर ही सौदा किया जा रहा है।

सालभर में 1 लाख 45 हजार बढ़े दाम

  • 2021 में चांदी जनवरी में 67520 रुपए
  • 2022 में चांदी जनवरी में 60000 रुपए
  • 2023 में चांदी जनवरी में 72000 रुपए
  • 2024 में चांदी जनवरी में 76000 रुपए
  • 2025 में चांदी जनवरी में 88500 रुपए
  • 2026 में चांदी जनवरी में 234200 रुपए

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *