मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के चौथे दिन सीतामढ़ी जिले को विकास की बड़ी सौगात मिली। बेलसंड प्रखंड के चंदौली गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कुल 554 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार को देश के विकसित राज्यों की कतार में खड़ा किया जाएगा और विकास की रफ्तार और तेज होगी।
कार्यक्रम के दौरान 346 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 41 नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जबकि 208.12 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 26 योजनाओं का उद्घाटन भी किया गया। इन परियोजनाओं का सीधा लाभ ग्रामीण इलाकों को मिलेगा, जहां सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल इमारतें खड़ी करना नहीं, बल्कि गांव-गांव तक विकास को पहुंचाना है।
सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार का बिहार को भरपूर सहयोग मिल रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि सात निश्चय योजना के तहत हर घर की छत पर सोलर प्लेट लगाने की दिशा में काम हो रहा है, जिससे बिहार ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकेगा और लोगों का बिजली बिल भी कम होगा।
मुख्यमंत्री ने 2005 से पहले और आज के बिहार की तुलना करते हुए कहा कि उस दौर में विकास लगभग ठप था और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी खराब थी। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने न्याय के साथ विकास की अवधारणा को जमीन पर उतारा। नल-जल योजना, सड़क-पुलों का विस्तार, ग्रामीण संपर्क पथ और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम किया गया, जिसका असर आज हर जिले में दिख रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य को विकास की रीढ़ बताते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि पहले बिहार में केवल छह मेडिकल कॉलेज थे, जो कांग्रेस शासनकाल में बने थे। इसके बाद वर्षों तक कोई नया मेडिकल कॉलेज नहीं खुला, लेकिन उनकी सरकार ने हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और इलाज की बेहतर सुविधा मिलने से ही बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बेलसंड–मीनापुर पथ पर चंदौली घाट स्थित आरसीसी पुल और पहुंच पथ का उद्घाटन किया, जो करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसके बाद उन्होंने बागमती तटबंध का निरीक्षण किया और हितनारायण उच्च विद्यालय, चंदौली पहुंचे। विद्यालय परिसर में पर्यावरण आधारित नक्षत्र वाटिका और पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया, जहां से जिले की विभिन्न विकास योजनाओं का समेकित रूप से लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।
सभा में जल संसाधन व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री विजय कुमार चौधरी, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, सीतामढ़ी सांसद दिनेश चंद्र ठाकुर और शिवहर सांसद लवली आनंद सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। समृद्धि यात्रा के इस पड़ाव को सीतामढ़ी के लिए विकास की नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।