उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आई यह घटना एक बार फिर छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। निडौरी इलाके में स्थित जयप्रकाश गर्ल्स इंटर कॉलेज के छात्रावास में रविवार रात अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब डिनर में परोसा गया पनीर खाने के बाद 18 से ज्यादा छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में छात्राओं को उल्टी, तेज पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत होने लगी, जिससे पूरे हॉस्टल में डर का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख गंभीर हालत वाली छह छात्राओं को तुरंत देर रात डासना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। राहत की बात यह रही कि इलाज के बाद सभी छात्राओं की हालत में सुधार हुआ और उन्हें कुछ समय बाद छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सभी छात्राएं सुरक्षित हैं और किसी को भी खतरा नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। सोमवार सुबह टीम कॉलेज पहुंची और छात्रावास में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, ताकि बाकी छात्राओं की भी जांच की जा सके। सीएससी डासना की प्रभारी डॉक्टर प्राची पाल के अनुसार शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है और खाने की गुणवत्ता को लेकर सैंपल जांच की जा रही है।
हालांकि इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी का बयान कुछ अलग है। उनका कहना है कि छात्राओं की तबीयत खाने की वजह से नहीं, बल्कि ठंड लगने के कारण बिगड़ी थी, जिससे पेट दर्द की शिकायत हुई। इसी वजह से उन्हें एहतियातन स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बावजूद इसके, छात्रावास में परोसे गए भोजन और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे साफ हो सके कि यह मामला फूड पॉइजनिंग का है या फिर किसी और लापरवाही का नतीजा।