JEE Main Session-1 2026 कल से शुरू: परीक्षा से पहले जान लें NTA की जरूरी गाइडलाइंस

Spread the love

इंजीनियरिंग की पढ़ाई का सपना देख रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ा दिन आ गया है। JEE Main सेशन-1 की परीक्षा कल यानी 21 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रही है। परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने एग्जाम से पहले कुछ अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन करना हर अभ्यर्थी के लिए अनिवार्य होगा। इन नियमों को नजरअंदाज करना परीक्षा में परेशानी की वजह बन सकता है।

NTA के मुताबिक, परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सबसे जरूरी दस्तावेज है। इसके बिना किसी भी स्थिति में एंट्री नहीं दी जाएगी। साथ ही उम्मीदवारों को एक ओरिजिनल और वैध पहचान पत्र भी साथ रखना होगा। पहचान के लिए स्कूल आईडी, फोटो सहित आधार कार्ड या ई-आधार, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, कक्षा 12वीं का बोर्ड एडमिट कार्ड या बैंक पासबुक में से कोई एक मान्य रहेगा। इसके अलावा एक पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी साथ रखने की सलाह दी गई है।

परीक्षा के दिन छात्रों को केवल सिंपल ट्रांसपेरेंट बॉल प्वाइंट पेन ले जाने की अनुमति होगी। उम्मीदवारों को रिपोर्टिंग टाइम से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। समय पर पहुंचना पूरी तरह छात्र की जिम्मेदारी होगी, क्योंकि देर से आने पर किसी भी हाल में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसलिए पहले से परीक्षा केंद्र का रास्ता और दूरी जरूर चेक कर लेने की सलाह दी गई है।

NTA ने साफ किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर कई चीजों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, हैंडबैग, पर्स, किताबें, कागज, नोट्स, खाने-पीने की चीजें, पानी की बोतल, मोबाइल फोन, ईयरफोन, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच, कैमरा, डॉक्यूपेन, स्लाइड रूल, लॉग टेबल, टेप रिकॉर्डर या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। धातु की कोई भी वस्तु भी वर्जित रहेगी।

परीक्षा शेड्यूल की बात करें तो JEE Main BE/BTech यानी पेपर-1 की परीक्षा 21, 22, 23 और 24 जनवरी को होगी। वहीं 28 और 29 जनवरी को पेपर-1 के साथ-साथ पेपर-2A (B.Arch), पेपर-2B (B.Planning) और संयुक्त पेपर-2A व 2B आयोजित किए जाएंगे। हर दिन परीक्षा दो शिफ्ट में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।

छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे शांत दिमाग से परीक्षा में शामिल हों, सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें और NTA की गाइडलाइंस का पूरी तरह पालन करें। सही तैयारी और समय प्रबंधन ही इस परीक्षा में सफलता की कुंजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *