छत्तीसगढ़ के न्यायिक परिसरों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरगुजा, जगदलपुर और राजनांदगांव जिला कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी सीधे जिला न्यायालयों के आधिकारिक ई-मेल पते पर भेजी गई, जिसे संबंधित जिला जजों ने रिसीव किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया और तीनों शहरों में कोर्ट परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
सरगुजा में धमकी की सूचना के बाद एसपी-एएसपी स्तर के अधिकारी तत्काल जिला कोर्ट पहुंचे। बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को तैनात कर परिसर की सघन तलाशी शुरू की गई। अदालत आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। सरगुजा पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियातन तलाशी अभियान जारी है।
उधर जगदलपुर में भी स्थिति बेहद संवेदनशील रही। बस्तर पुलिस की टीम ने कोर्ट परिसर को घेरकर डॉग स्क्वॉड के साथ हर कोने की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने धमकी भरे ई-मेल की पुष्टि करते हुए बताया कि साइबर एंगल से मेल के स्रोत की जांच की जा रही है। पूरे परिसर में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।
राजनांदगांव में बुधवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला कोर्ट को धमकी मिलने की सूचना मिली। इसके बाद कोर्ट परिसर को अस्थायी तौर पर छावनी में तब्दील कर दिया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और बड़ी संख्या में पुलिस बल ने कमरों, गलियारों और पार्किंग एरिया की बारीकी से जांच की। अचानक हुई कार्रवाई से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन हालात जल्द नियंत्रण में ले लिए गए।
इस पूरे घटनाक्रम में एक अहम पहलू यह भी है कि राजनांदगांव जिला न्यायालय में एनआईए कोर्ट संचालित होती है, जहां नक्सल मामलों से जुड़े कई संवेदनशील केस लंबित हैं। इसी वजह से धमकी के पीछे नक्सली या नक्सल समर्थक नेटवर्क की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं न्यायिक प्रक्रिया को बाधित करने या दबाव बनाने की कोशिश तो नहीं की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल आउटलुक प्लेटफॉर्म से भेजा गया है और इसके डिजिटल ट्रेल को खंगाला जा रहा है—मेल कहां से आया, किस उद्देश्य से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इस पर फोकस किया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी करीब 20 दिन पहले छत्तीसगढ़ की कई जिला अदालतों को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले थे, जिनकी जांच में मेल के तमिलनाडु से भेजे जाने की बात सामने आई थी।
फिलहाल तीनों जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम बरकरार हैं। पुलिस का कहना है कि कोई भी चूक नहीं बरती जाएगी और धमकी देने वालों तक जल्द पहुंचने की कोशिश जारी है। कोर्ट परिसरों में जांच पूरी होने तक हाई अलर्ट की स्थिति बनी रहेगी।