CUET UG 2026 को लेकर छात्रों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर साफ कर दिया है कि आवेदन प्रक्रिया को आखिरी समय तक टालना भारी पड़ सकता है। नोटिस में उम्मीदवारों से कहा गया है कि वे समय रहते रजिस्ट्रेशन और आवेदन पूरा कर लें, ताकि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर बढ़े ट्रैफिक की वजह से किसी तकनीकी दिक्कत का सामना न करना पड़े।
एनटीए के मुताबिक, CUET UG के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 3 जनवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं और आवेदन की अंतिम तारीख 30 जनवरी 2026 तय की गई है। फीस जमा करने के लिए उम्मीदवारों को 31 जनवरी 2026 की रात 11:50 बजे तक का समय मिलेगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि तय समयसीमा के बाद किसी भी तरह का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा, फिर लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। विषयों का चयन, जरूरी दस्तावेज अपलोड करना और फीस जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करना जरूरी है। सबमिशन के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर सुरक्षित रखने की सलाह भी दी गई है, क्योंकि आगे यह काम आ सकता है।
जो छात्र आवेदन के दौरान कोई गलती कर बैठते हैं, उनके लिए भी राहत की खबर है। एनटीए 2 फरवरी से 4 फरवरी 2026 तक करेक्शन विंडो खोलने जा रहा है। इस अवधि में उम्मीदवार अपने फॉर्म में जरूरी सुधार कर सकेंगे, हालांकि सभी जानकारियों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा की बात करें तो CUET UG 2026 का आयोजन 11 मई से 31 मई 2026 के बीच किया जाएगा। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में होगी और देशभर के कई शहरों के साथ-साथ विदेशों में भी 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
कुल मिलाकर, CUET UG 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए यह साफ संकेत है कि आवेदन में लापरवाही न करें और तय समयसीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि आगे किसी तरह की परेशानी न हो।