चीन में Asus ने अपना नया प्रीमियम लैपटॉप Zenbook 14 Air 2026 लॉन्च कर दिया है। यह डिवाइस खास उन प्रोफेशनल्स और क्रिएटर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो हल्के वजन के साथ हाई-परफॉर्मेंस और AI-पावर्ड एक्सपीरियंस चाहते हैं। कंपनी के लेटेस्ट AI PC लॉन्च इवेंट में इसे पेश किया गया, जहां Zenbook 14 Duo जैसे डुअल-स्क्रीन लैपटॉप भी दिखाए गए।
Zenbook 14 Air 2026 में Intel के थर्ड-जेनरेशन Core Ultra प्रोसेसर दिए गए हैं, जो 18A प्रोसेस टेक्नोलॉजी पर आधारित हैं। इसका टॉप मॉडल Intel Core Ultra 9 386H प्रोसेसर के साथ आता है, जिसकी बूस्ट क्लॉक स्पीड 4.9GHz तक जाती है। इसके अलावा Core Ultra 7 वेरिएंट भी उपलब्ध कराया गया है। दोनों ही प्रोसेसर 16-कोर आर्किटेक्चर पर बने हैं, जिनमें परफॉर्मेंस कोर, एफिशिएंसी कोर और लो-पावर एफिशिएंसी कोर शामिल हैं।
Core Ultra 9 वेरिएंट में अपग्रेडेड NPU दी गई है, जो 50 TOPS तक की AI कंप्यूट पावर देती है। इससे ऑन-डिवाइस AI टास्क जैसे इमेज जेनरेशन, लैंग्वेज मॉडलिंग और Windows Copilot जैसे फीचर्स ज्यादा स्मूद तरीके से काम करते हैं। यही वजह है कि Asus इस लैपटॉप को एक फुल-फ्लेज्ड AI PC के तौर पर पेश कर रहा है।
डिज़ाइन की बात करें तो Zenbook 14 Air 2026 सिर्फ 1.19 किलोग्राम वजनी है और इसकी मोटाई महज 1.1 सेमी रखी गई है। इसमें CNC-मशीनड यूनिबॉडी चेसिस और Ceraluminum लिड दी गई है, जो सिरेमिक और एल्यूमिनियम के मिश्रण से बनी है। यह लिड न सिर्फ ज्यादा मजबूत है, बल्कि फिंगरप्रिंट और दाग-धब्बों से भी बेहतर तरीके से बचाव करती है। हिडन हिंज और ज्योमेट्रिक ग्रिल डिजाइन की वजह से एयरफ्लो 50% तक बेहतर होने का दावा किया गया है।
डिस्प्ले सेगमेंट में भी यह लैपटॉप काफी प्रीमियम है। इसमें 14-इंच OLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 2880×1800 पिक्सल (2.8K) और रिफ्रेश रेट 120Hz है। यह पैनल 1,100 निट्स की पीक ब्राइटनेस देता है और VESA DisplayHDR 1000 सर्टिफिकेशन के साथ आता है। इसके साथ ही 100% DCI-P3 कलर गैमट, 10-बिट कलर डेप्थ और फैक्ट्री-कैलिब्रेटेड कलर एक्यूरेसी (Delta E < 1) इसे क्रिएटर्स के लिए खास बनाती है।
परफॉर्मेंस को सपोर्ट करने के लिए इसमें 32GB तक LPDDR5X RAM और 1TB तक PCIe 4.0 SSD स्टोरेज दिया गया है। Asus का दावा है कि इसकी 77Wh बैटरी लोकल वीडियो प्लेबैक में करीब 29.5 घंटे तक का बैकअप दे सकती है। थर्मल मैनेजमेंट के लिए डुअल-फैन कूलिंग सिस्टम दिया गया है, जिसमें अल्ट्रा-थिन वेपर चैंबर और ग्रेफाइट शीट्स शामिल हैं। हल्के इस्तेमाल में फैन नॉइज़ 25dB से भी कम रहता है।
कनेक्टिविटी के मोर्चे पर Zenbook 14 Air 2026 में Wi-Fi 7 सपोर्ट मिलता है। पोर्ट्स की बात करें तो इसमें दो Thunderbolt 4 पोर्ट, 10Gbps USB-A, HDMI 2.1 और 3.5mm हेडफोन जैक शामिल हैं। इसके अलावा 1080p IR वेबकैम (Windows Hello सपोर्ट), AI नॉइज़ रिडक्शन, Dolby Atmos के साथ क्वाड-स्पीकर सिस्टम और 5.9-इंच का बड़ा टचपैड भी दिया गया है, जो 240Hz टच सैंपलिंग रेट के साथ जेस्चर शॉर्टकट्स सपोर्ट करता है।
कीमत की बात करें तो Core Ultra 9 वेरिएंट को चीन में 9,999 युआन यानी करीब 1,438 डॉलर में लॉन्च किया गया है। Core Ultra 7 वेरिएंट की कीमत फिलहाल कंपनी ने घोषित नहीं की है। यह लैपटॉप Snow White और Mountain Mist Grey कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा।