छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपनी गर्लफ्रेंड को बचाने के लिए बॉयफ्रेंड ने फांसी लगा ली। भोज नारायण (36) पेशे से ग्राफिक्स डिजाइनर है। शादी के बाद भी उनका एक अन्य महिला से अफेयर था। पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी ने दोनों को दूर करने के लिए जादू टोना करवाया है। मामला जामुल थाना क्षेत्र का है। पति ने अपने फेसबुक पेज पर सुसाइड नोट लिखा कि पत्नी के जादू टोना कराए जाने के बाद हम दोनों का प्यार खत्म हो गया। उसकी गर्लफ्रेंड का स्वास्थ्य भी खराब हो गया और उसे प्यार का एहसास होना भी बंद हो गया। 28 जनवरी को भोज नारायण का शव फंदे पर लटका मिला। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस पत्नी से पूछताछ कर रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, युवक का नाम भोज नारायण (36) है। वह रुंगटा कॉलेज में सीनियर ग्राफिक्स डिजाइनर था। मूल रूप से गरियाबंद के राजिम का रहने वाला था और भिलाई में किराए के मकान में रहता था।
भोज नारायण शादीशुदा था। लेकिन उसका एक अन्य महिला प्यून के साथ प्रेम संबंध था, वो भी शादीशुदा थी। यह बात उसकी पत्नी को पता थी। जिसका वह विरोध भी करती थी।
गर्लफ्रेंड को लेकर पत्नी से होता था विवाद
दरअसल, भोज नारायण की एक बेटी भी है। कर्ज के कारण वह पिछले कुछ समय से तनाव में था। कुछ दिनों पहले वह घर से लापता हो गया था, जिसके बाद पत्नी ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान सामने आया कि उसका महिला प्यून से अफेयर है।
जांच में यह भी सामने आया है कि भोज अपनी गर्लफ्रेंड को बाहर लेकर गया था। बाद में जब वह उसे छोड़कर घर लौट आया, तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। पत्नी ने उसे समझाने की कोशिश की और संबंध खत्म करने की बात कही, लेकिन भोज नहीं माना और गर्लफ्रेंड के संपर्क में बना रहा।
फांसी लगाकर सुसाइड किया
28 जनवरी को भोज ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय वह घर पर अकेला था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को फंदे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। 29 जनवरी को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए गांव रवाना हो गए। फिलहाल, जामुल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पत्नी और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
अब जानिए सुसाइड नोट में क्या लिखा
भोज नारायण ने फेसबुक पर लिखा कि मैं पत्नी से तंग आकर यह कदम उठा रहा हूं। मेरे बाकी फैमिली वालों का कोई दोष नहीं है, सब कुछ मेरी वाइफ का किया धरा है। गर्लफ्रेंड को बचाने के लिए जान दे रहा हूं।
मैं वापस आकर और उसे (गर्लफ्रेंड) भेजकर बहुत बड़ी गलती कर दी। मैं डोमेस्टिक वायलेंस का शिकार हूं। अपनी पत्नी से तंग आकर यह कदम उठा रहा हूं। इसमें मेरे बाकी परिवार वालों का कोई दोष नहीं है। यह सब मेरी पत्नी का किया-धरा है।
मुझे पता चला कि गर्लफ्रेंड को कहीं बाहर ले जाया गया था और उसके साथ कुछ किया गया है, ताकि वह मुझे भूल जाए। 30 दिसंबर के बाद से मुझे एहसास होना बंद हो गया था। नहीं तो हमारा प्यार ऐसा था कि हम एक-दूसरे को महसूस कर लेते थे।
पहले जब वह मुझे याद करती थी, तकलीफ में होती थी या रोती थी, तो मुझे महसूस होता था। उसका एक टाइम-स्टैम्प भी मैंने नोट करके रखा था। लेकिन मेरी पत्नी ने मेरा फोन वगैरह सब ले लिया और डिलीट कर दिया। इसका मतलब कुछ तो किया है, सुनील वर्मा और उसकी फैमिली ने उसके साथ।
मुझे तो लगता है कि मेरी पत्नी भी इसमें मिली हुई है। कोई जादू-टोना वगैरह किया गया है। प्लीज, उसे बचा लो। उसके ससुराल वालों ने उसकी जिंदगी खराब करके रख दी है। बेचारी को बंधक बनाकर रखा गया है। वे जो कहते हैं, वहीं वह करती है। वह पूरी तरह सूख गई है।
फेसबुक पोस्ट के साथ भोज ने एक ड्राइव लिंक भी साझा किया, जिसमें पत्नी और अन्य लोगों से जुड़े कुछ चैट के स्क्रीनशॉट होने का दावा किया गया है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में पत्नी से पूछताछ कर रही है।
जादू-टोना करने का आरोप
सुसाइड नोट में आगे लिखा कि, उसका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता, इलाज भी नहीं कराया जाता। उन लोगों ने पूरा जादू-टोना कर रखा है। प्लीज, उसके पापा या भाई उसे रेस्क्यू कर लो, उस नर्क से निकाल लो। मैं इतने दिनों से उसे निकालने की ही कोशिश कर रहा था, लेकिन उन्होंने जादू-टोना करके उसे वापस बुला लिया।
इस बात का कोई पुख्ता सबूत तो मैं नहीं दे पाऊंगा, लेकिन उसकी सेहत देखकर आप लोग समझ सकते हैं कि वह पहले कैसी थी और अब कैसी हो गई है। पोखराज, प्लीज उसे बचा लो भाई। वह किसी से कुछ नहीं कहती, आप लोगों से भी नहीं, लेकिन उसने मुझे सब कुछ बताया था।
अब शायद पूछोगे तो मना कर देगी, क्योंकि अभी वह उनके बस में है। मैं हाथ जोड़कर निवेदन करता हूं, उसे बचा लो। उसे बचाने के लिए ही मैं अपनी जान दे रहा हूं। मेरी पत्नी की सच्चाई ड्राइव लिंक में जाकर देख लेना। जितना वह लोगों के सामने भोली बनती है, उतनी है नहीं।
सब भोलेपन का नाटक है। यह सब मेरी वजह से ही हुआ है। कुछ चैट के स्क्रीनशॉट हैं उसके और सुनील के बीच। सुनील को तो बस अपने बच्चे की ही पड़ी थी। अब सच में लग रहा है कि हमने वापस आकर बहुत बड़ी गलती कर दी।
इधर मुझे भी जीने नहीं दिया जा रहा और उसको (गर्लफ्रेंड) भी नहीं। सॉरी, हो सके तो मुझे माफ कर देना। लेकिन प्लीज, उस नर्क से बाहर निकलने की कोशिश जरूर करना।
पुलिस कर रही जांच
जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह के मुताबिक फेसबुक पोस्ट, मोबाइल डेटा और परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों और लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, किसी पर आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है।