टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 6 आरोपी गिरफ्तार, 37 लाख रुपए कैश जब्त

Spread the love

रायपुर – टी-20 वर्ल्ड कप से पहले क्राइम ब्रांच तथा गंज थाने की पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले बड़े नेटवर्क से जुड़े आधा दर्जन सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 37.50 लाख रुपए के साथ तीन लग्जरी कार, 10 मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कीमत करीब 92 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अफसरों के अनुसार, टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते नेटवर्क पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी कड़ी में शुक्रवार रात गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि तीन कार में दो-दो की संख्या में सटोरिये मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं।

सटोरियों के तार देश के कई राज्यों से
पुलिस के अनुसार सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के तार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों से जुड़े हैं। जप्त नकदी को लेकर म्यूल बैंक खातों और हवाला ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिसकी फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की जा रही है। रखब देव, जितेन्द्र कुमार, दीपक और सचिन जैन पूर्व में भी जुआ के मामलों में जेल जा चुके हैं।

इन सटोरियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
महिंद्रा, थार और नेक्सा एक्सएल कार में सवार लोगों ने पूछताछ में अपना नाम रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जितू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए। सटोरिए जिंदबेट 777 डॉट कॉम, क्लासिक 777 डॉट कॉम जैसी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइटों के जरिए मास्टर आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते थे। आईडी की बिक्री और कमीशन के जरिए अवैध मुनाफा कमाया जा रहा था। मोबाइल जांच में सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *