भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें और आखिरी टी-20 मुकाबले में 46 रनों से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज़ 4-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फैंस को पूरी तरह रोमांचित कर दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने टी-20 इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए सबसे बड़ा आकर्षण रहे ईशान किशन, जिन्होंने महज 42 गेंदों में अपनी पहली टी-20 इंटरनेशनल सेंचुरी ठोक दी। ईशान ने 103 रन की इस धमाकेदार पारी में 6 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े।
कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 63 रनों की तूफानी पारी खेलकर रनगति को और तेज कर दिया। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन बनाए, जो टी-20 में उसका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। ओपनर फिन एलन ने 38 गेंदों में 80 रन की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन विशाल लक्ष्य के आगे कीवी टीम टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19.4 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई।
भारत की गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल को 3 सफलता मिली। वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह ने भी 1-1 विकेट चटकाया।
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की यह जीत बेहद खास मानी जा रही है, जहां ईशान किशन का शतक और अर्शदीप सिंह का पंजा टीम इंडिया के लिए बड़े पॉजिटिव संकेत साबित हुए।