नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2026 सेशन-1 परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की और उम्मीदवारों की रिस्पॉन्स शीट एक साथ जारी कर दी है। 21 से 29 जनवरी 2026 के बीच देशभर में आयोजित इस परीक्षा के बाद अब अभ्यर्थी अपने उत्तरों का मिलान कर संभावित स्कोर का अंदाज़ा लगा सकते हैं। आंसर-की आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर उपलब्ध है और इसे देखने के लिए एप्लीकेशन नंबर व जन्मतिथि से लॉग-इन करना होगा।
एनटीए ने साफ किया है कि यह प्रोविजनल आंसर-की है, इसलिए अगर किसी उत्तर को लेकर अभ्यर्थियों को आपत्ति है तो उसे तय समय के भीतर दर्ज कराया जा सकता है। आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2026 रात 11:50 बजे तय की गई है। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति के लिए 200 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। सभी आपत्तियों की जांच के बाद फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी, जिसके आधार पर परिणाम तैयार होगा।
आंसर-की चेक करने के लिए उम्मीदवार jeemain.nta.nic.in पर जाकर “Answer Key Challenge for JEE (Main) – 2026 [Session-I] is LIVE!” लिंक पर क्लिक करें। लॉग-इन करते ही आंसर-की स्क्रीन पर दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।
एनटीए के ब्रोशर के अनुसार, जेईई मेन सेशन-1 का रिजल्ट 12 फरवरी 2026 को घोषित किया जाएगा। वहीं, जिन छात्रों को सेशन-1 में अपेक्षित परिणाम नहीं मिला है, उनके लिए सेशन-2 एक और मौका लेकर आया है। सेशन-2 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है और अंतिम तिथि 25 फरवरी 2026 है। सेशन-2 परीक्षा 2 से 9 अप्रैल 2026 के बीच होगी और इसका परिणाम 20 अप्रैल 2026 तक आने की संभावना है।