लाखों रुपये खर्च कर खरीदी गई कार को हर कोई सालों तक नई जैसी रखना चाहता है। इसके लिए समय पर सर्विस और मेंटेनेंस के साथ-साथ सही तरीके से सफाई भी उतनी ही जरूरी होती है। पैसे और समय बचाने के चक्कर में कई लोग घर पर ही कार धो लेते हैं, जो अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन जब यह काम गलत तरीकों और घरेलू जुगाड़ से किया जाता है, तब यही आदत कार की चमक और रीसेल वैल्यू दोनों पर भारी पड़ सकती है।
घर पर कार धोते समय सबसे आम गलती डिशवॉश लिक्विड या कपड़े धोने वाले डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना है। ये केमिकल्स कार पेंट के लिए नहीं बनाए जाते। शुरुआत में भले ही कार साफ और चमकदार दिखे, लेकिन धीरे-धीरे ये क्लियर कोट लेयर को कमजोर कर देते हैं। नतीजा यह होता है कि पेंट की शाइन खत्म होने लगती है और कार पुरानी नजर आने लगती है।
कई लोग नींबू, विनेगर या बेकिंग सोडा जैसे घरेलू नुस्खों को कार के लिए रामबाण मान लेते हैं। सच्चाई यह है कि ये चीजें एसिडिक और एब्रेसिव होती हैं। इनके इस्तेमाल से पेंट पर बारीक स्क्रैच बन जाते हैं, जो शुरुआत में दिखते नहीं लेकिन समय के साथ पेंट डैमेज और मेटल पार्ट्स पर जंग का कारण बन सकते हैं।
पुराने कपड़े या तौलिए से कार पोंछना भी एक बड़ी गलती है। पुरानी टी-शर्ट या टॉवल में अक्सर धूल और छोटे कण फंसे रहते हैं, जो पेंट पर रगड़ खाते ही स्क्रैच बना देते हैं। खासकर डार्क कलर कारों पर ये निशान बहुत जल्दी नजर आने लगते हैं और पूरी बॉडी की लुक खराब कर देते हैं।
तेज धूप में कार धोना भी नुकसानदेह साबित होता है। धूप में पानी और शैम्पू जल्दी सूख जाते हैं, जिससे बॉडी पर वॉटर स्पॉट और दाग जम जाते हैं। इससे पेंट की चमक कम होती है और प्लास्टिक व रबर पार्ट्स भी समय से पहले खराब होने लगते हैं।
अगर सही तरीके की बात करें तो कार धोते समय कुछ बुनियादी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सबसे पहले टायर और नीचे के हिस्से को साफ करना चाहिए, ताकि वहां की गंदगी बॉडी तक न पहुंचे। केवल कार वॉश शैम्पू और माइक्रोफाइबर कपड़े का ही इस्तेमाल करना सुरक्षित माना जाता है। साथ ही कार को हमेशा छांव में, सुबह या शाम के समय धोना बेहतर रहता है।
ऑटो एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आजकल की कारों का पेंट मल्टी-लेयर टेक्नोलॉजी से तैयार किया जाता है। घरेलू केमिकल्स और गलत टूल्स इस लेयर को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए हमेशा पीएच-बैलेंस्ड प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि पेंट लंबे समय तक सुरक्षित रहे।
घर पर कार धोना बिल्कुल ठीक है, बस तरीका सही होना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही आगे चलकर पेंट रिपेयर, पॉलिशिंग और बॉडी वर्क पर हजारों रुपये खर्च करा सकती है। बेहतर यही है कि सही प्रोडक्ट्स अपनाएं या समय-समय पर प्रोफेशनल कार वॉश कराते रहें, ताकि आपकी कार लंबे समय तक नई जैसी बनी रहे।