EPFO New App Launch: पीएफ निकासी होगी मिनटों में आसान, यूपीआई से सीधे निकाल सकेंगे पैसा

Spread the love

करोड़ों कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन इस साल मार्च के अंत तक अपना नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है, जो पीएफ निकासी की प्रक्रिया को पूरी तरह बदल देगा। इस नए ऐप के जरिए कर्मचारी अपने पीएफ खाते से पैसा सीधे UPI के माध्यम से निकाल सकेंगे, जिससे लंबी प्रक्रिया और इंतजार की झंझट काफी हद तक खत्म हो जाएगी।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, यह नया ऐप मौजूदा Umang ऐप से अलग होगा और सीधे सब्सक्राइबर के बैंक खाते से लिंक रहेगा। इसे BHIM समेत अन्य UPI ऐप्स से जोड़ा जाएगा। इसका मतलब यह है कि ईपीएफओ खाते से पैसा पहले बैंक अकाउंट में ट्रांसफर होगा और फिर यूजर उसे यूपीआई के जरिए तुरंत इस्तेमाल या निकाल सकेगा।

अब तक पीएफ निकासी की सुविधा केवल यूएएन पोर्टल के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध थी, लेकिन यूपीआई के जरिए सीधे पैसा निकालने का विकल्प नहीं था। नए ऐप के साथ यह बड़ी कमी दूर हो जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, ऐप की टेस्टिंग लगभग पूरी हो चुकी है और इसे मार्च के आखिर तक रोलआउट किया जा सकता है।

नियमों के अनुसार, सदस्य अपने कुल ईपीएफ बैलेंस का अधिकतम 75 प्रतिशत तक ही निकाल सकेंगे, जबकि कम से कम 25 प्रतिशत राशि खाते में रखना अनिवार्य होगा। अगर किसी कर्मचारी की नौकरी चली जाती है, तो वह शेष 25 प्रतिशत रकम भी 12 महीने बाद निकाल सकता है। यह नियम रिटायरमेंट फंड को सुरक्षित रखने के लिए लागू रहेगा।

देशभर में ईपीएफओ के करीब 30 करोड़ सब्सक्राइबर हैं, जिनमें से लगभग 7.5 करोड़ सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। ईपीएफओ का कुल कॉर्पस करीब 26 लाख करोड़ रुपये बताया जाता है। ऐसे में यूपीआई आधारित निकासी सुविधा से डिजिटल सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सरकार और ईपीएफओ दोनों का मानना है कि नया ऐप कर्मचारियों को उनके फंड तक तेज, पारदर्शी और आसान पहुंच देगा। खासकर इमरजेंसी की स्थिति में यह सुविधा लाखों कर्मचारियों के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *