सेल- भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप–3 (एसएमएस–3) में कार्यरत संविदा महिला श्रमिकों के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से “नई चेतना” नामक एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, वैधानिक प्रावधानों तथा औद्योगिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एसएमएस–3 के मुख्य महाप्रबंधक श्री त्रिभुवन बैठा रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री त्रिभुवन बैठा ने कहा कि स्टील मेल्टिंग शॉप–3 की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी एवं श्रमिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि महिलाओं का सशक्तिकरण संगठनात्मक विकास एवं सतत प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता है तथा “नई चेतना” जैसे कार्यक्रम समावेशी विकास की दिशा में सार्थक पहल हैं।
कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री उमाशंकर परगनिहा ने कार्यक्रम की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला तथा संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने में महिला श्रमिकों की सक्रिय सहभागिता को आवश्यक बताया। कार्यक्रम के प्रारंभ में सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री सुशील कामड़े द्वारा मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।
तकनीकी सत्रों के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न प्रासंगिक विषयों पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री उमाशंकर परगनिहा ने औद्योगिक कार्यस्थलों में महिलाओं की सुरक्षा विषय पर संबोधित करते हुए सुरक्षित कार्य परिवेश सुनिश्चित करने में प्रबंधन एवं श्रमिकों की साझा जिम्मेदारी पर बल दिया।
मानव संसाधन विभाग से सुश्री समायला अंसारी ने महिला कल्याण उपायों, महिलाओं के अधिकारों तथा उनके हितों की सुरक्षा हेतु लागू नियमों एवं विनियमों की जानकारी दी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग की आहार विशेषज्ञ सुश्री परोमिता दासगुप्ता ने कार्यरत महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता पर उपयोगी जानकारी साझा करते हुए निवारक देखभाल एवं व्यावसायिक स्वास्थ्य पद्धतियों पर प्रकाश डाला। वहीं, औद्योगिक संबंध एवं मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय (आईआर एंड सीएलसी) से श्री राजेश मौर्य ने फैक्ट्री अधिनियम, न्यूनतम मजदूरी अधिनियम तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति देकर वैधानिक अनुपालन एवं कार्यस्थल अनुशासन की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान सहभागिता को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु एक रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।