सैमसंग की अगली फ्लैगशिप सीरीज को लेकर चल रही अटकलों पर अब लगभग मुहर लग गई है। एक आधिकारिक प्रमोशनल कैंपेन के जरिए Samsung की Samsung Galaxy S26 की लॉन्च डेट सामने आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 25 फरवरी 2026 को गैलेक्सी अनपैक्ड इवेंट में नई S26 सीरीज से पर्दा उठाया जा सकता है।
दरअसल, सैमसंग की ‘गल्फ’ इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक प्रमोशनल कैंपेन पोस्ट किया था। इस कैंपेन की शर्तों में तारीखों का जो ज़िक्र है, वह सीधे लॉन्च की ओर इशारा करता है। कैंपेन का पहला चरण 2 फरवरी से 24 फरवरी तक बताया गया है, जबकि दूसरा चरण 25 फरवरी से शुरू होता है। यही तारीख नई सीरीज की लॉन्च विंडो मानी जा रही है।
यह खुलासा पहले आई लीक रिपोर्ट्स के साथ भी पूरी तरह मेल खाता है। टेक जगत के चर्चित टिपस्टर्स और रिपोर्ट्स पहले ही संकेत दे चुके थे कि Galaxy Unpacked 25 फरवरी 2026 को आयोजित होगा। सैमसंग की पुरानी लॉन्च टाइमलाइन को देखें तो भी फरवरी के आखिरी हफ्ते में फ्लैगशिप लॉन्च करना कंपनी की रणनीति से मेल खाता है। उम्मीद है कि आने वाले हफ्तों में सैमसंग इवेंट के टीज़र जारी करना शुरू कर देगा।
लॉन्च के साथ-साथ उपलब्धता की टाइमलाइन भी सामने आ गई है। जानकारी के मुताबिक, 26 फरवरी से 4 मार्च के बीच प्री-ऑर्डर विंडो खुल सकती है। इसके बाद 5 मार्च से 10 मार्च तक प्री-सेल पीरियड चलने की संभावना है, जबकि आम बिक्री 11 मार्च 2026 से शुरू हो सकती है। मशहूर टिपस्टर Evan Blass ने भी इस टाइमलाइन को सटीक बताया है।
फीचर्स की बात करें तो Galaxy S26 सीरीज में कैमरा, प्रोसेसर और डिस्प्ले में बड़े अपग्रेड्स देखने को मिल सकते हैं। खासकर Samsung Galaxy S26 Ultra को लेकर AI-बेस्ड कैमरा फीचर्स और नए सेंसर की चर्चा तेज है। फिलहाल कंपनी की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कैंपेन और लीक संकेत दे रहे हैं कि इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं है।