भारतीय स्मार्टफोन बाजार में बजट और मिड-रेंज 5G सेगमेंट में मजबूत पकड़ रखने वाली Realme अब अपने लोकप्रिय मॉडलों की कीमतों में बड़ा बदलाव करने जा रही है। रिटेल पार्टनर्स को भेजे गए एक लीक नोटिस के मुताबिक, कंपनी 11 फरवरी 2026 से कुछ 5G स्मार्टफोन्स की कीमतें 3,000 से 4,000 रुपये तक बढ़ा सकती है।
बताया जा रहा है कि ग्लोबल मार्केट में मेमोरी चिप्स और प्रोसेसर जैसे अहम कंपोनेंट्स की लागत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ी हुई लागत का असर सीधे स्मार्टफोन निर्माण पर पड़ा है, जिसे संतुलित करने के लिए कंपनी ने दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। खास बात यह है कि यह अस्थायी ऑफर या लिमिटेड पीरियड बदलाव नहीं, बल्कि स्थायी मूल्य संशोधन माना जा रहा है।
लीक जानकारी के अनुसार, Realme 15 5G सीरीज के सभी वेरिएंट्स करीब 3,000 रुपये तक महंगे हो सकते हैं। इसका बेस मॉडल, जो अभी लगभग 25,999 रुपये में उपलब्ध है, अब 28,999 रुपये से शुरू हो सकता है। वहीं Realme 16 Pro 5G सीरीज में भी लगभग 3,000 रुपये की बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे 31,999 रुपये वाला वेरिएंट करीब 34,999 रुपये तक पहुंच सकता है।
सबसे ज्यादा असर Realme 16 Pro+ 5G पर देखने को मिल सकता है। इस प्रीमियम मॉडल की कीमत में सीधे 4,000 रुपये का इजाफा होने की चर्चा है, जिससे इसकी शुरुआती कीमत 39,999 रुपये से बढ़कर करीब 43,999 रुपये हो सकती है।
कीमतों में संभावित बढ़ोतरी के बीच कंपनी के भीतर रीस्ट्रक्चरिंग की खबरें भी सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, रियलमी अपनी पैरेंट कंपनी Oppo के साथ ऑपरेशनल लेवल पर और ज्यादा इंटीग्रेशन कर रहा है। इस प्रक्रिया में भारत में सेल्स और सपोर्ट टीम में कुछ बदलाव और छंटनी की बातें भी सामने आई हैं। हालांकि कंपनी का कहना है कि यह केवल संगठनात्मक सुधार का हिस्सा है और इससे ग्राहकों को मिलने वाली सर्विस या प्रोडक्ट उपलब्धता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
अगर आप इन मॉडलों में से किसी को खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो 11 फरवरी से पहले निर्णय लेना फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि उसके बाद कीमतें नई दरों पर मिल सकती हैं।