510Km रेंज, 3.9 सेकंड में 100 की रफ्तार: BYD Atto 3 Evo ने बढ़ाई इलेक्ट्रिक SUV की ताकत

Spread the love

चीन की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता BYD ने अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUV BYD Atto 3 का नया और ज्यादा एडवांस वर्जन ‘Evo’ नाम से पेश किया है। अपडेटेड मॉडल में बड़ी बैटरी, ज्यादा पावर और 800V आर्किटेक्चर जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है, जिससे यह पहले से ज्यादा तेज और दमदार हो गई है।

नई Atto 3 Evo में बैटरी पैक को 60.5kWh से बढ़ाकर 74.8kWh कर दिया गया है। WLTP साइकिल के अनुसार इसकी रेंज अब 510 किलोमीटर तक पहुंच गई है, जो पुराने मॉडल से 92 किलोमीटर ज्यादा है। रियर व्हील ड्राइव वर्जन 313hp की पावर और 380Nm का टॉर्क जनरेट करता है तथा 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार 5.5 सेकंड में पकड़ सकता है।

कंपनी ने ज्यादा पावरफुल ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) वर्जन भी पेश किया है। यह 449hp की पावर और 560Nm टॉर्क देता है और महज 3.9 सेकंड में 100 किमी/घंटा की स्पीड हासिल कर लेता है। हालांकि ज्यादा पावर की वजह से इसकी रेंज घटकर 470 किलोमीटर रह गई है। इसकी टॉप स्पीड 200 किमी/घंटा बताई गई है।

सबसे बड़ा तकनीकी बदलाव 800V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर है। पहले जहां कार 400V सिस्टम पर चलती थी, अब यह 800V प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इससे पीक चार्जिंग क्षमता 88kW से बढ़कर 220kW हो गई है और कार 10% से 80% तक मात्र 25 मिनट में चार्ज हो सकती है। इसके अलावा यह V2L (Vehicle-to-Load) फीचर भी सपोर्ट करती है, जिससे बाहरी इलेक्ट्रिक उपकरण भी चलाए जा सकते हैं।

डिजाइन और स्पेस में भी सुधार हुआ है। पीछे का बूट स्पेस अब 490 लीटर हो गया है और बोनट के नीचे 101 लीटर का ‘फ्रंक’ दिया गया है। इंटीरियर में 8.8-इंच डिजिटल क्लस्टर और 15.6-इंच की रोटेटिंग टचस्क्रीन मिलती है। गियर सिलेक्टर को स्टीयरिंग कॉलम पर शिफ्ट कर केबिन को और खुला बनाया गया है।

भारत में फिलहाल पुरानी Atto 3 की कीमत करीब 25 लाख रुपए से शुरू होती है। नए Evo वर्जन की कीमत और लॉन्च डेट का ऐलान अभी नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *