भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड यानी Securities and Exchange Board of India (SEBI) ने यंग प्रोफेशनल प्रोग्राम 2026 के तहत 91 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। ये नियुक्तियां लॉ, सिक्योरिटी मार्केटिंग, रिसर्च, आईटी और राजभाषा जैसे अहम डोमेन में की जाएंगी। इच्छुक उम्मीदवार सेबी की आधिकारिक वेबसाइट sebi.gov.in के करियर सेक्शन के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया विज्ञापन जारी होने की तारीख से 21 दिनों तक खुली रहेगी, इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर फॉर्म भरने की सलाह दी गई है।
चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 70,000 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा, जिसमें सभी भत्ते शामिल होंगे। लागू आयकर और अन्य टैक्स स्रोत पर ही काटे जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआती अवधि एक वर्ष की होगी, जिसे प्रदर्शन और संगठन की जरूरत के आधार पर अधिकतम तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है।
चयनित यंग प्रोफेशनल्स की पोस्टिंग मुंबई स्थित सेबी मुख्यालय में होगी। मुंबई से बाहर के अभ्यर्थियों को उपलब्धता के आधार पर साझा आवास सुविधा भी दी जा सकती है।
फाइनेंशियल रेगुलेशन और पूंजी बाजार में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए यह एक प्रतिष्ठित अवसर माना जा रहा है।