रायपुर में महादेव सट्टा सिंडिकेट की तर्ज पर वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। कबीर नगर पुलिस ने खंडहर मकान में बैठकर ramco777.com, wood777.com और powerexch.com जैसी साइट्स के माध्यम से सट्टा खिलाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹18,45,000 नकद, कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 25 से अधिक एटीएम व क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी शामिल हैं। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि तिरंगा चौक फेस-02, कबीर नगर के पास एक खंडहर में कुछ युवक ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दीपक सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और गौरव सचदेवा को पकड़ा। तलाशी में लाखों रुपये नकद और बैंक से जुड़े दस्तावेज मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने सहयोगी ओम खेमानी का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने छठ तालाब, हीरापुर इलाके से उसे भी गिरफ्तार किया। उसके पास से ₹3.11 लाख नकद, तीन मोबाइल और बड़ी संख्या में एटीएम-क्रेडिट कार्ड जब्त किए गए।
कैसे चलता था नेटवर्क?
जांच में सामने आया कि आरोपी “मास्टर आईडी” के जरिए लोगों को ऑनलाइन सट्टे की आईडी मुहैया कराते थे। क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाया जाता था और रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर निकाली जाती थी।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। खासकर आईडी तैयार करने वाले और वित्तीय लेनदेन संभालने वालों की पहचान की जा रही है। बैंक खातों की गहन जांच भी जारी है।
रायपुर पुलिस जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है। ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते जाल पर यह कार्रवाई एक बड़ा संदेश मानी जा रही है।