असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें सीधे चुनावी मैदान में उतार दिया है।
प्रदेश के डिप्टी सीएम Arun Sao को असम की 9 विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वे हाल ही में तीन दिवसीय असम प्रवास से लौटे हैं। लखीमपुर क्षेत्र के भीमपारा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकें भी कीं। विधायक मानव डेका के साथ उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर रणनीतिक चर्चा की और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
वहीं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री OP Choudhary को असम की 10 विधानसभाओं का प्रभार सौंपा गया है। वे फिलहाल असम दौरे पर हैं। इसी वजह से उनका 12 फरवरी को प्रस्तावित जनसुनवाई कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वे अपने जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों में लगातार संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क अभियानों में जुटे हुए हैं।
दुर्ग से सांसद Vijay Baghel को डिब्रूगढ़ लोकसभा क्षेत्र की 10 विधानसभाओं की कमान दी गई है। वे एक चरण का दौरा पूरा कर चुके हैं और 16 फरवरी से फिर से अपने क्षेत्र में सक्रिय होने जा रहे हैं।
इधर, पश्चिम बंगाल में भी छत्तीसगढ़ के संगठनात्मक नेतृत्व को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को 56 विधानसभाओं का दायित्व सौंपा गया है। वे दिसंबर से लगातार बंगाल में डटे हुए हैं और अपनी जिम्मेदारी वाले सभी क्षेत्रों में बैठकों का दौर पूरा कर चुके हैं। संगठन की रणनीति को मजबूत करने और बूथ स्तर तक संरचना को सक्रिय करने पर उनका विशेष फोकस बताया जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रदेश के नेताओं को अन्य राज्यों में बड़ी जिम्मेदारियां देना इस बात का संकेत है कि संगठन उनकी क्षमता और अनुभव पर भरोसा जता रहा है। हाल ही में प्रदेश प्रभारी Nitin Nabin के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के नेताओं को और व्यापक दायित्व मिल सकते हैं।
चुनावी राज्यों में प्रदेश के नेताओं की सक्रियता से यह साफ है कि भाजपा संगठन आगामी चुनावों को लेकर पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर चुका है। आने वाले हफ्तों में इन दौरों और बैठकों का असर चुनावी रणनीति पर किस रूप में दिखेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।