एम्स में नौकरी का झांसा, 6 लाख की ठगी और ब्लैकमेलिंग: रायपुर में युवती से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला

Spread the love

राजधानी रायपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती के साथ ठगी और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने एम्स में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर न सिर्फ करीब 6 लाख रुपये ऐंठ लिए, बल्कि फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर विश्वास भी जीत लिया। जब सच्चाई सामने आई तो उसने कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

मामले में 25 वर्षीय युवती ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रितेश चंद्राकर को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, कवर्धा जिले के पांडातराई निवासी 26 वर्षीय रितेश चंद्राकर की युवती से दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को एम्स रायपुर में कार्यरत बताया और ऊंची पहुंच का दावा किया। इसी विश्वास के आधार पर उसने युवती को एम्स में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

युवती ने कथित तौर पर अलग-अलग किश्तों में करीब 6 लाख रुपये आरोपी को दिए। बताया जा रहा है कि उसने यह रकम कर्ज लेकर जुटाई थी। आरोपी ने भरोसा बनाए रखने के लिए एक फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी सौंप दिया। जब युवती ज्वाइनिंग के लिए एम्स पहुंची तो उसे दस्तावेज फर्जी होने की जानकारी मिली और ठगी का खुलासा हुआ।

शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने युवती को आमनाका स्थित एक होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाने लगा।

मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *