प्रीमियम सुरक्षा के साथ SMK Nova हेलमेट्स लॉन्च, EIRT शेल और ग्लोबल सेफ्टी सर्टिफिकेशन से लैस

Spread the love

भारत में बढ़ते सड़क हादसों के बीच दोपहिया सवारों की सुरक्षा एक बड़ा मुद्दा बन चुकी है। ऐसे में भरोसेमंद और प्रमाणित हेलमेट की जरूरत को ध्यान में रखते हुए Studds Accessories Limited के प्रीमियम ब्रांड SMK ने भारतीय बाजार में Nova सीरीज के तहत दो नए फुल-फेस हेलमेट—Nova Solid और Nova Track—पेश किए हैं।

कंपनी ने इन मॉडलों को प्रीमियम सेगमेंट को ध्यान में रखकर डिजाइन किया है। दोनों सीरीज सात अलग-अलग डिजाइन विकल्पों में उपलब्ध हैं और XS से लेकर XXL तक छह साइज में पेश की गई हैं। राइडर्स को ग्लॉस और मैट फिनिश का विकल्प भी मिलता है, जिससे स्टाइल और पर्सनल प्रेफरेंस के मुताबिक चयन आसान हो जाता है।

सुरक्षा के मोर्चे पर इन हेलमेट्स में एनर्जी इम्पैक्ट रेसिस्टेंट थर्मोप्लास्टिक (EIRT) शेल का इस्तेमाल किया गया है, जो टक्कर के समय बेहतर मजबूती और टिकाऊपन प्रदान करता है। इसके साथ मल्टी-डेंसिटी EPS लाइनर लगाया गया है, जो प्रभाव की ऊर्जा को अवशोषित कर सिर को अतिरिक्त सुरक्षा देता है। ये हेलमेट ECE 22.06, DOT और ISI जैसे अंतरराष्ट्रीय और भारतीय सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं, जिससे राइडर्स को प्रमाणित सुरक्षा का भरोसा मिलता है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक सिद्धार्थ भूषण खुराना के मुताबिक, आज के भारतीय राइडर्स सुरक्षा के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन को भी महत्व देते हैं। Nova सीरीज के जरिए कंपनी अपने प्रीमियम पोर्टफोलियो का विस्तार कर रही है, जहां ग्लोबल सेफ्टी स्टैंडर्ड और आकर्षक लुक्स का संतुलन पेश किया गया है।

कीमत की बात करें तो Nova Solid की शुरुआती कीमत लगभग 4,000 रुपये रखी गई है, जबकि Nova Track करीब 4,300 रुपये में उपलब्ध है। इस प्राइस रेंज में ये हेलमेट उन ग्राहकों के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आते हैं जो स्टाइल के साथ प्रमाणित सुरक्षा भी चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *