कॉमन मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट यानी CMAT 2026 में शामिल लाखों उम्मीदवारों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। National Testing Agency (NTA) ने आधिकारिक वेबसाइट cmat.nta.nic.in पर परिणाम जारी कर दिए हैं। अब अभ्यर्थी अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और आगे की एडमिशन प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर सकते हैं।
NTA जल्द ही एक विस्तृत आधिकारिक नोटिस भी जारी करेगा, जिसमें रिजल्ट से जुड़ी पूरी जानकारी, कट-ऑफ और संस्थानों के साथ साझा किए जाने वाले कैंडिडेट डेटा का विवरण शामिल रहेगा।
इस बार CMAT 2026 परीक्षा 25 जनवरी को आयोजित की गई थी। 31 जनवरी को प्रोविजनल आंसर-की जारी हुई, जिस पर 2 फरवरी तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौका दिया गया। इसके बाद 18 फरवरी को फाइनल आंसर-की के साथ रिजल्ट घोषित किया गया।
रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘CMAT-2026 Scorecard’ लिंक पर क्लिक करना होगा। वहां एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड और सिक्योरिटी पिन दर्ज करने के बाद डैशबोर्ड खुल जाएगा, जहां से स्कोरकार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। भविष्य की जरूरतों के लिए इसका प्रिंट आउट रखना जरूरी है।
CMAT देश की प्रमुख MBA प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। इसके स्कोर के आधार पर देश के कई प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थानों में दाखिला मिलता है। अब रिजल्ट घोषित होने के साथ ही काउंसलिंग, ग्रुप डिस्कशन और पर्सनल इंटरव्यू जैसे अगले चरणों की तैयारी तेज हो जाएगी।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें, ताकि एडमिशन प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी नई सूचना से वंचित न रहें।