Meta Pixel

कोरिया महोत्सव में 156 करोड़ की विकास सौगात, CM साय बोले—किसान, महिला और जनजातीय सशक्तिकरण से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़

Spread the love

बैकुंठपुर में तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने जिले को 156 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में 70 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 104 कार्यों का लोकार्पण और 85 करोड़ 54 लाख रुपये से अधिक के 40 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि कोरिया जिले की आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि किसान, महिला और जनजातीय समाज के सशक्तिकरण से ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। उन्होंने प्रदेश की खनिज और वन संपदा का उल्लेख करते हुए वैल्यू एडिशन के जरिए आर्थिक विकास को नई दिशा देने की बात कही।

पर्यटन और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण की घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने देवगढ़ छुरी धाम को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की घोषणा की। साथ ही पुलिस चौकी पोड़ी को थाना का दर्जा, पंडोपारा पुलिस सहायता केंद्र को चौकी में उन्नत करने, पीडब्ल्यूडी कार्यालय भवन और जिला पुरातत्व कार्यालय की स्थापना तथा फूलपुर में अधोसंरचना व ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण की भी घोषणा की।

सड़क और पुल-पुलिया निर्माण पर फोकस

बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कई सड़क और पुल-पुलिया परियोजनाओं की घोषणा की गई। कोरिया से छिंदया शिवपुर तक लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से पुल-पुलिया निर्माण, कुषहा-घुघरा मार्ग पर 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल-पुलिया निर्माण और 18 करोड़ रुपये से सलका बाईपास के निर्माण का ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों का संबोधन

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने महोत्सव को जिले का विशेष तिहार बताते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की योजनाओं का जिक्र करते हुए जिले की छह महिलाओं को पिंक ई-रिक्शा प्रदान करने को महत्वपूर्ण पहल बताया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे स्थानीय प्रतिभाओं के लिए मंच बताया। विधायक भैयालाल राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

कार्यक्रम में संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, एसपी रविकुमार कुर्रे और जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *