बलरामपुर में बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप, SDM-नायब तहसीलदार गिरफ्तार, तीन अधिकारी निलंबित

Spread the love

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में एक राजस्व कार्रवाई ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच के दौरान कथित मारपीट में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और कुसमी के SDM करूण डहरिया, नायब तहसीलदार पारस शर्मा समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। साथ ही तीन अधिकारियों को निलंबित भी कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात राजस्व विभाग की टीम अवैध उत्खनन की सूचना पर हंसपुर गांव पहुंची थी। टीम में SDM, नायब तहसीलदार और कुछ स्थानीय युवक शामिल थे। इसी दौरान गांव के पास सरना स्थल के निकट तीन ग्रामीण—राम नरेश राम (60), अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20)—मिले। यहीं से विवाद की स्थिति बनी।

घायलों का आरोप है कि वे खेत की सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी टीम ने उन्हें रोका और पूछताछ के बाद कथित रूप से लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। आरोप है कि बाद में तीनों को जबरन वाहन में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में राम नरेश राम की तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश हो गए।

तीनों को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान राम नरेश की मौत हो गई। अन्य दो घायल ग्रामीणों का इलाज जारी है। घटना के बाद अस्पताल और थाना परिसर में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए SDM, नायब तहसीलदार और साथ मौजूद युवकों को हिरासत में लिया। जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम भी बुलाई गई। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही आगे की धाराएं स्पष्ट होंगी।

सूत्रों का कहना है कि गांव में अवैध बक्साइट उत्खनन की शिकायत थी और ग्रामीणों द्वारा एक ट्रक रोके जाने की सूचना भी प्रशासन को मिली थी। इसी संदर्भ में टीम गांव पहुंची थी। यह भी बताया गया कि अधिकारी पर्याप्त सुरक्षा बल के बिना और कुछ निजी व्यक्तियों के साथ मौके पर गए थे, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर शांति बनाए रखने की अपील की है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों पर टिकी है, जिनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *