Meta Pixel

“आप भी जानिए” कार्यक्रम के तहत स्टील मेल्टिंग शॉप–3 एवं आर.ई.डी. विभाग के कर्मियों की पत्नियों का संयंत्र भ्रमण

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप–3 एवं आर.ई.डी. विभाग में कार्यरत कार्मिकों की पत्नियों को संयंत्र के कार्यक्षेत्र से रूबरू कराने के उद्देश्य से 17 फरवरी 2026 को “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन मानव संसाधन केंद्र में किया गया। इस कार्यक्रम में स्टील मेल्टिंग शॉप–3 एवं आर.ई.डी. विभाग के 22 कार्मिकों की पत्नियाँ शामिल हुई। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस–3) श्री त्रिभुवन बैठा, महाप्रबंधक (आर.ई.डी.) श्री गोपालकृष्णन, महाप्रबंधक (मानव संसाधन- संकार्य) श्री संजय द्विवेदी तथा महाप्रबंधक (मानव संसाधन- आयरन एंड स्टील) सुश्री के. सुपर्णा उपस्थित थी।       

मानव संसाधन विभाग, कार्मिकों के परिवारजनों से अपनत्व एवं पारिवारिक रिश्ते को मजबूती प्रदान करने तथा उन्हें संयंत्र के उत्पादन गतिविधियों से परिचित कराने हेतु समय-समय पर “आप भी जानिए” कार्यक्रम का आयोजन करता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कार्मिकों की पत्नियों को संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रियाओं एवं सुरक्षा मानकों से अवगत कराना है, जिससे वे अपने परिजन के कार्यस्थल एवं दायित्वों को बेहतर रूप से समझ सकें।   

कार्यक्रम के प्रारंभ में सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन- स्टील जोन 1) श्री सुशील कामड़े ने सभी कार्मिकों के जीवनसंगनियों का स्वागत करते हुए संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन एवं लाभ में कर्मियों के साथ-साथ उनके परिवारों की महत्वपूर्ण सहभागिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंतर्गत कार्मिकों की पत्नियों को संयंत्र भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्होंने ब्लास्ट फर्नेस-8, एसएमएस-3, यूनिवर्सल रेल मिल तथा कोक ओवन में उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा विभागीय सुरक्षा अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों को कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।    

संयंत्र भ्रमण उपरांत कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार की उपस्थिति में संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें संयंत्र की प्रगति एवं सुरक्षा से संबंधित विषयों पर कर्मियों की पत्नियों से सुझाव आमंत्रित किए गए।  

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, उत्पादन प्रक्रिया तथा योजना की उपयोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और उपस्थित प्रतिभागियों से विचार-विमर्श किया गया। स्टील मेल्टिंग शॉप–3 के सभागार में आयोजित समापन सत्र में मुख्य महाप्रबंधक श्री त्रिभुवन बैठा ने सभी प्रतिभागियों को समूह छायाचित्र के साथ स्मृति-चिह्न स्वरूप समूह फोटो मुद्रित विशेष मग भेंट किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक श्री सुशील कामड़े द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में इस्पात अंचल–1 के सभी कर्मियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में भाग लेने वाली सभी प्रतिभागियों ने भ्रमण सम्बंधित अपने अनुभव साझा करते हुए इस प्रकार के आयोजन के लिए संयंत्र प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *