Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में “राष्ट्रीय कर्मयोगी मिशन” कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन–ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग अंतर्गत एचआरडीसी एवं बीएमडीसी में “राष्ट्रीय कर्मयोगी” एक दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 5 अक्टूबर 2025 से 10 फरवरी 2026 की अवधि के दौरान विभिन्न चरणों में संपन्न हुआ, जिसमें बीएसपी के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करना, व्यावसायिक दक्षताओं में वृद्धि करना तथा सरकारी कर्मियों में सतत अधिगम, सेवा उत्कृष्टता और उत्तरदायित्व की संस्कृति को बढ़ावा देना रहा।

निर्धारित अवधि में संयंत्र के 2 लीड ट्रेनर्स के मार्गदर्शन में तैयार 57 मास्टर ट्रेनर्स ने राष्ट्रीय कर्मयोगी एकदिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से 3735 कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के फलस्वरूप बीएसपी ने सेल की समस्त इकाइयों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उक्त 57 मास्टर ट्रेनर्स में से 15 मास्टर ट्रेनर्स ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता एवं प्रभावी प्रशिक्षण व प्रस्तुतीकरण कौशल से विशेष पहचान बनाई।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 मास्टर ट्रेनर्स में वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन), कुटेश्वर माइंस श्री अरुण कुमार सरोज; कनिष्ठ प्रबंधक (एचआर- एम एंड यू) सुश्री नवनीता चौहान; सहायक प्रबंधक (चिकित्सा) सुश्री शीबा थॉमस; एमटीए (आरएसएम) सुश्री शेख शिरीन; प्रबंधक (एचआर–मिल्स) सुश्री अवंथि वुचुला; उप प्रबंधक (एचआर-स्टील) श्री सिकंदर इंदोरिया; सहायक महाप्रबंधक (एसएमएस–2) श्री निशांत प्रकाश टोप्पो; महाप्रबंधक (एसएमएस–2) श्री गौरव सिंघल; महाप्रबंधक (राजहरा माइंस) श्री बीरेन्द्र कुमार; सहायक प्रबंधक (दल्ली माइंस) श्री आनंद कुमार; सहायक प्रबंधक (प्लांट गैरेज) श्री दिनेश चंद्र महाजन; सहायक प्रबंधक (एचआर–मिल्स) सुश्री तनमयी मल्लेश; उप प्रबंधक (एचएमई) श्री नरेंद्र राव; कनिष्ठ प्रबंधक (एचआर- एम एंड यू) श्री बी. गोपाल राव; तथा सहायक महाप्रबंधक (सीएमएम) श्री अनिल भावे शामिल हैं।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में निदेशक प्रभारी सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार ने 15 मास्टर ट्रेनर्स को उनके उल्लेखनीय योगदान, विषय–ज्ञान, सक्रिय सहभागिता और प्रतिबद्धता के लिए सम्मानित किया। श्री पवन कुमार ने मास्टर ट्रेनर्स के समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि व्यक्तिगत विकास को राष्ट्रीय विकास लक्ष्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राष्ट्रीय कर्मयोगी कार्यक्रम जैसे प्रयास सार्वजनिक सेवा प्रणाली में दक्षता, जवाबदेही एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम के दौरान कार्यस्थल के साथ–साथ व्यक्तिगत जीवन में भी दृष्टिकोण एवं व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया, जिससे कर्मचारी कंपनी एवं समाज की सेवा सकारात्मक एवं प्रेरित मानसिकता के साथ कर सकें। समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने मास्टर ट्रेनर्स द्वारा संचालित संवादात्मक सत्रों एवं व्यावहारिक अंतर्दृष्टियों की प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *