ओडिशा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने PCR वैन को मारी टक्कर, 5 पुलिसकर्मियों की मौत

Spread the love

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से भरी PCR वैन को तेज रफ्तार ट्रेलर ने आमने-सामने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह हादसा झारसुगुड़ा सदर थाना के सामने हुआ, जहां तड़के सन्नाटा पसरा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस की बोलेरो वाहन नियमित ड्यूटी पर थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में एपीआर जवान काशीराम भोई और देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा की मौके पर ही मौत हो गई। कर्तव्य निभाते हुए इन जवानों की शहादत से पूरे जिले में शोक की लहर है।

वहीं दो एपीआर जवान और एक सार्जेंट गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से घायलों को तुरंत झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *